वॉशिंगटन।। अमेरिका का सार्वजनिक कर्ज बढ़कर 17,000 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। कर्ज सीमा बढ़ाने को लेकर अमेरिकी संसद में प्रस्ताव पारित होने के बाद विश्व की इस सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था पर कर्ज का बोझ नए शीर्ष स्तर पर पहुंच गया।
अमेरिका के ट्रेजरी विभाग ने बताया कि शनिवार तक अमेरिका का सार्वजनिक कर्ज 17,076 अरब डॉलर तक पहुंच गया। एक दिन पहले की तुलना में यह 329 अरब डॉलर बढ़ गया। अमेरिकी संसद ने जिस दिन कर्ज सीमा बढ़ाने पर अपनी मुहर लगाई उस दिन उसका कुल सार्वजनिक कर्ज 6,747 अरब डॉलर पर था।
कांग्रेस के दोनों सदनों में कर्ज सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव पारित होने के बाद अमेरिका ट्रेजरी सरकारी खर्चों की पूर्ति के लिए अगले साल 7 फरवरी तक धन उधार ले सकेगी। ओबामा प्रशासन में अब तक अमेरिका पर कुल 6,500 अरब डॉलर का कर्ज बोझ बढ़ा है।
सरकारी खजाने के कर्ज के बारे में जारी ताजा आंकड़ों के बाद रिपब्लिकन सीनेटर टेड क्रुज ने ट्विटर पर लिखा, ‘हमारे देश के इतिहास में पहली बार, सरकारी कर्ज 17,000 अरब डॉलर के पार पहुंचा है, यह अस्वीकार्य है।’