आठ लोगों के पास दुनिया की आधी संपत्ति: ऑक्सफैम

0

आठ लोगों के पास उतनी संपत्ति है जितनी दुनिया की आधी आबादी के पास है। ऑक्सफैम ने सोमवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। खास बात यह है कि ये सभी आठों व्यक्ति पुरुष हैं। जिन आठ उद्योगपतियों का जिक्र ऑक्सफेम ने किया है उनमें अमेरिका के छह, स्पेन और मेक्सिको के एक-एक उद्योगपति शामिल हैं।

वर्ल्ड इकॉनमिक फोरम की सालाना मीटिंग के पहले ऑक्सफेम ने कहा कि धन की खाई पहले से कहीं ज्यादा व्यापक हुई है। भारत और चीन के नए आंकड़ों पर गौर करें तो पता चलता है कि दुनिया के आधे गरीब पहले से और गरीब हुए हैं। ऑक्सफैम ने इसे अशुभ बताते हुए कहा कि अगर यह डेटा थोड़ा पहले मिल जाता तो पता चलता कि 2016 में इतनी ही संपत्ति नौ लोगों के पास होती। 2010 में 43 लोगों के पास दुनिया के आधे लोगों के बराबर संपत्ति हुआ करती थी।

उद्योगपतियों का चयन फोर्ब्स की अरबपतियों की सूची से किया गया है जिनमें माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स, फेसबुक के को-फाउंडर मार्क जकरबर्ग और ऐमजॉन के फाउंडर जेफ बेजोज शामिल हैं। ऑक्सफेम ने दुनिया में अमीर और गरीबों के बीच के व्यापक अंतर और मुख्यधारा की राजनीति में उत्पन्न हो रहे असंतोष को रेखांकित किया है।

अपनी एक नई रिपोर्ट ‘ऐन इकॉनमी फॉर द 99 पर्सेंट’ में ऑक्सफैम ने कहा, ‘ब्रेक्जिट से लेकर डॉनल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने की सफलता तक, नस्लवाद में वृद्धि और मुख्यधारा की राजनीति में अस्पष्टता से चिंता बढ़ रही है। वहीं संपन्न देशों में अधिक से अधिक लोगों में यथा स्थिति बर्दाशत न करने के संकेत भी अधिक दिख रहे हैं।