इमालवा-मुंबई। महानायक अमिताभ बच्चन शनिवार को 72 साल के हो गए। उन्होंने इस मौके पर अपने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि वह अपने घर पर परिवार के साथ बड़ी सादगी से अपना जन्मदिन मनाएंगे। बिग बी ने बताया कि शनिवार को करवाचौथ होने के कारण घर की सभी महिलाएं व्रत कर रही हैं।
बिग बी ने कहा, ‘मेरी पोती आराध्या मेरे जन्मदिन का सबसे अच्छा तोहफा है। मेरे पिता हरिवंश राय बच्चन को पश्चिमी शैली में जन्मदिन मनाना, केक काटना पसंद नहीं था। इसलिए घर पर खोये से बना केक आता है। केक पर मोमबत्तियां भी बहुत कम लगाई जाती हैं।’
साथ ही महानायक ने कैलाश सत्यार्थी और मलाला युसुफजई को शांति के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर मुबारकबाद भी दी।