हरियाणा को लूटने वाले परिवारों से मुक्त करने का वक्त आ गया: मोदी

0

इमालवा-गुड़गांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में यह मेरी आखिरी चुनावी सभा है। कांग्रेस ने प्रदेश को जमकर लूटा है इसलिए उसे सबक सिखाना जरूरी है। उन्होंने गुड़गांव को मिनी हिंदुस्तान बताते हुए कहा कि भाजपा को एक बार सेवा का मौका दें, हम हरियाणा को बदल देंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने आइएनएलडी प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला पर वार करते हुए कहा कि राज्य को लूटने वाले परिवारों से मुक्त करने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा सिर्फ भाजपा ही राज्य को विकास के राह पर ला सकती है।

विकास का विशेष मॉडल बनाने पर बल

इससे पहले पीएम मोदी ने उत्तर में बग्गड़ क्षेत्र के सिरसा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए विकास के नाम पर लोगों से भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत पीर पैगंबरों की धरती सिरसा से की और सरसाई नाथ की भूमि को नमन करते हुए डेरा मस्ताना साहब, संत राम रहीम सिंह, राधा स्वामी का जिक्र किया। मोदी ने डेरा सच्चा सौदा के सफाई अभियान की खूब प्रशंसा की। अपने भाषण में उन्होंने सिरसा में विकास का विशेष मॉडल बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के भविष्य और विकास के लिए भाजपा को वोट देने की जरूरत है। सारे दुखों की दवा विकास है और दावा किया कि विकास भाजपा ही ला सकती है। उनका कहना था कि प्रदेश में हर सरकार ने खूब भ्रष्टाचार किया है। लोगों से आह्वान किया कि वे भ्रष्टाचार सहन न करें। उन्होंने कहा भ्रष्टाचार बहुत हो चुका, लूट-खसोट खूब हुई है, अब लुटने नहीं देंगे।

हरियाणा को अपना दूसरा घर बताते हुए प्रदेश पर विशेष अधिकार जताया और कहा कि राजनीतिक शिक्षा-दीक्षा हरियाणा से ही हुई है। मुझे बड़ा बनाने में हरियाणा का अहम योगदान है। एक बेटे के लिए जो कर सकते थे, वह हरियाणा ने किया है। अब इसका कर्ज बयाज सहित विकास के रूप में चुकाउंगा। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए विकास न करने आरोप जड़ते हुए कहा कि 57 साल में जो नहीं हुआ वो पांच साल में करूंगा। उन्होंने कहा हरियाणा में राजनीतिक दल नूरा कुश्ती खेलते हैं, पर्दे के पीछे दोस्ती है और सामने डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की तरह नकली लड़ाई करते हैं, सौदा करते हैं कि पांच साल तुम राज करो-पांच साल हम राज करेंगे।

उनका कहना था कि हरियाणा में राजनीतिक रूप से सबसे बड़ा कमाल सिरसा के लोग दिखाएंगे, दोनों दलों इनेलो व कांग्रेस को साफ कर देंगे। हरियाणा का जवान और किसान को पूरे देश का गौरव बताते हुए कहा कि ऐसी कोई लड़ाई नहीं जब हरियाणा के जवानों की भागीदारी न रही हो। सबसे अधिक शहादत भी यहां के जवानों ने ही दी है। उन्होंने वन रैंक वन पेंशन लागू करने का श्रेय खुद को दिया। कहा कि पूर्व सैनिकों की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही थी, भाजपा ने बरसों की मांग को सरकार बनते ही लागू किया और अपना वादा पूरा किया।

किसानों की समस्याओं पर भी फोकस

भाषण में किसानों की समस्याओं पर भी फोकस किया। मोदी ने कहा कि किसान को पानी मिले तो मिट्टी से सोना पैदा करने की ताकत रखता है। किसानों द्वारा तैयार अनाज के रखरखाव के लिए सभी संसाधन हों, वेयर हाउस हों तो कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि 30 से 40 प्रतिशत फसल सड़ जाती है, इसे बचा लिया जाए तो गरीबों का पेट भर सकता है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर चिंता जताई कि किसान आज खेती से मुंह मोड़ रहा है। इसे रोकने के लिए किसानों के विकास के लिए योजनाएं बनाने का काम चल रहा है।

उन्होंने कहा मैं अमेरिका, चीन और जापान गया। वहां से पूंजी निवेश का आश्वासन मिला है। देश में आने वाले समय में लाखों करोड़ का पूंजी निवेश होगा। नौजवान के पास हुनर है, उसे काम का अवसर मिले, सपनों को पूरा करें, यही इच्छा है। उन्होंने कहा कि सिरसा एक टापू जैसा, अलग-थलग पड़ा क्षेत्र है। ऐसे में सिरसा का भाग्य नहीं बदलेगा। रोड, रेल, इंडस्ट्रीज आएगी तभी सिरसा तेजी से आगे बढ़ेगा। भाषण के अंत में मोदी रैली स्थल को साफ करने का संदेश दे गए। कहा, यह कूड़ा साफ करके ही घर जाएं।