बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेसियों ने जोश भरते हुए उन्हें हार से निराश न होने को कहा। उन्होंने कहा कि हमने काफी काम किया, लेकिन अपनी उपलब्धियों का उचित तरीके से प्रचार नहीं कर पाने के कारण हम विधानसभा चुनाव हार गए।
बैठक में सरकार की 10 साल की उपलब्धियों पर एक डॉक्युमेंट रिलीज किया गया। इसमें नरेगा, खाद्य सुरक्षा बिल और नक्सल इलाकों में सुरक्षा जैसी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया गया है। बैठक के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि पार्टी ने अगले 20 साल के लिए एक एजेंडा तैयार किया है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि हमें ऐसे वायदे नहीं करने चाहिए जिन्हें पूरा नहीं किया जा सके, जैसे कुछ राजनीतिक दल कर रहे हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने संसद में महिलाओं के लिए आरक्षण विधेयक पारित नहीं कर पाने पर चिंता व्यक्त की। सोनिया गांधी ने विपक्ष पर बरसते हुए कहा, ‘हमारे विरोधी विभाजन की नीतियों और सांप्रदायिक हितों की वकालत करते हैं। वे हमारे धर्मनिरपेक्ष लोकाचार का मजाक उड़ाते हैं। हमें उन लोगों के खिलाफ बोलते समय डरना नहीं चाहिए जो केवल संकीर्ण एवं विनाशकारी विकल्प मुहैया कराते हैं।’ सोनिया गांधी ने कहा कि पार्टी विधानसभा चुनावों में मिली हार के कारणों का पता लगाएगी।