BJP के हथकंडों की वजह से UP में बनेगी BSP की सरकार: मायावती

0

मायावती ने आज अपने जन्मदिन पर एक प्रेस वार्ता करके दलितों के महापुरुषों को याद किया। उन्होंने कहा, मैं शाही अंदाज में अपना जन्मदिन नहीं मनाती हूं और इस बार भी बहुत सादगी से अपना जन्मदिन मनाना चाहती हूं।

आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए इस साल वे अपना जन्मदिन शाही अंदाज में नहीं मना रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा मेरा जन्मदिन जन कल्याण दिवस के रूप में मनाती है और मैं उनका धन्यवाद करती हूं। पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए उन्होंने इस दिन को सादगी के साथ मनाने को कहा है।

सपा, बीजेपी और कांग्रेस पर साधा निशाना

यूपी चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने सपा, कांग्रेस और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन राजनीतिक दलों ने चुनाव तारीखों के ऐलान से पहले यूपी में कई तरह के हथकंडे अपनाए हैं। अपने जन्मदिन पर आयोजित प्रेस वार्ता में मायावती ने बीजेपी,कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश सरकार ने यूपी की जनता को अब तक लूटा है।

बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि बीजेपी को कोई अधिकार नहीं है कि वो किसी पर आरोप लगाए, क्योंकि बीजेपी एक फर्जी कंपनी है और मीडिया को मैनेज करती है। क्यों इतने सालों तक बीजेपी को हमारी संपत्ति की जांच का ख्याल नहीं आया, जैसे ही चुनाव आया वैसे ही बीजेपी ने अपने हथकंडे अपनाने शुरू कर दिए। लेकिन कोई फायदा नहीं है। बसपा को जब भी बदनाम करने की कोशिश हुई है, तब तब पार्टी और भी मजबूती से उभरी है। पार्टी को झूठे आरोपों से कोई फर्क नहीं पड़ता है। उनके हथकंडों से हमें फायदा होगा और यूपी में हमारी सरकार ही बनेगी।

कांग्रेस की खस्ता हालत को देखते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो अॉक्सीजन पर है। नोटबंदी पर मायावती ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि केंद्र को इस दौरान जितना भी कालाधन बरामद हुआ है, उसका पूरा ब्योरा देना चाहिए।

सादगी से मनेगा बहन जी का जन्मदिन

आज बसपा प्रमुख मायावती का 61वां जन्मदिन है। यूपी वालों के लिए ये दिन बहुत ही खास होता है। बसपा के कार्यकर्ता मायावती का जन्मदिन बहुत ही जोरदार तरीके से मनाते हैं। बसपा आज अपनी मुखिया का जन्मदिन बहुत ही सादगी से मनाएगी। दरअसल, ये तो कुछ समय पहले ही साफ हो गया था कि मायावती इस साल केक नहीं काटेंगी और चंदा भी नहीं लेंगी।

हर बार के मुकाबले इस बार मायावती का जन्मदिन बहुत ही आम होने वाला है। पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने हमारे सहयोगी अखबार को बताया कि इस बार पार्टी मुखिया का जन्मदिन में कोई शोर नहीं होगा, कोई केक नहीं काटा जाएगा।

हर साल जन्मदिन के पार्टी कार्यकर्ता चंदा इकट्ठा करते हैं तो जन्मदिन के दिन बसपा प्रमुख को एक भेंट की तरह देते हैं। उनके गले में उनसे भी बड़ी और लंबी फूलों की माला पहनाई जाती है। केट कटता है, पूरी य़ूपी में जश्न का माहौल बन जाता है। पार्टी के बाकी कार्यकर्ता बताते हैं कि इस बार सादगी के साथ उमका जन्मदिन मनाया जाएगा।

पार्टी चुनाव का इंतजार कर रही है। इससे पहले किसी भी तरह के जश्न के लिए तैयार नहीं है। अगर किसी को अपनी मुखिया को गिफ्ट के रूप में कुछ देना है तो वो पार्टी खाते में जमा हो जाएंगे। आपको बता दें कि हर साल उनका जन्मदिन बहुत ही शानदार अंदाज से मनाया जाता था। साल 2010 में उनके जन्मदिन पर 25 करोड़ का खर्च हुआ था, जिस पर बीजेपी ने खूब हंगामा किया था।