अंकारा में रूसी राजदूत की हत्या के एक दिन बाद रूस के विदेश मंत्री सर्जेइ लावरोव ने आज कहा कि सीरिया पर तुर्की के उनके समकक्ष के साथ वार्ता में ‘‘आतंकवादियों को कोई रिआयत’’ नहीं दी जानी चाहिए। यहां तुर्की के विदेश मंत्री मौलूद जाउश उगलू के साथ बैठक में लावरोव ने कहा, ‘‘इस त्रासदी ने सभी को आतंकवाद के खिलाफ और भी निर्णायक तरीके से लडऩे के लिए बाध्य किया है।’’ लावरोव ने इसपर जोर दिया कि उन्हें ‘‘आतंकवादियों को कोई रिआयत’’ नहीं दी जानी चाहिए।
रूस, तुर्की और ईरान के विदेश एवं रक्षा मंत्री सीरिया में संघर्ष पर वार्ता के लिए आज मास्को में साथ बैठने वाले हैं। इस बीच, रूसी राजदूत की हत्या की जांच के लिए रूसी जांचकर्ताओं का एक दल आज तुर्की पहुंचा। लावरोव ने मास्को में सीरिया पर वार्ता की शुरूआत पर जाउश उगलू से कहा, ‘‘हमारे राष्ट्रपति सहमत हुए हैं कि तुर्क विशेष सेवाओं की आेर से शुरू की गईं कार्रवाइयों के अलावा रूसी जांचकर्ताओं का दल अंकारा जाएगा।’’
रूसी विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘जहां तक मेरी समझ है यह तुर्क राजधानी पहुंच चुका है।’’ लावरोव ने कहा कि उसी विमान से रूसी राजदूत आंद्रेइ कारलोव का शव रूस लाया जाएगा। जाउश उगलू ने लावरोव को बताया कि अंकारा की जिस सड़क पर रूसी दूतावास स्थित है कारलोव के समान में उसका नामकरण किया जाएगा। लावरोव और जाउश उगलू ने दिवंगत रूसी राजदूत की एक तस्वीर पर पुष्पार्पण भी किया।