पाक ने सरबजीत की निजी वस्तुएं लौटाई

0

इस्लामाबाद। पाकिस्तान सरकार ने सरबजीत सिंह की मौत के बाद उनके कपड़े और दूसरी निजी वस्तुएं लौटा दिए। सरबजीत की वस्तुएं सोमवार को इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों को सौंप दी गई। पाकिस्तान ने यह कदम इस साल अगस्त में भारत के आग्रह के बाद उठाया है।

गौरतलब है कि 1990 में लाहौर में हुए बम धमाकों में मौत की सजा पाए सरबजीत पर कोट लखपत जेल में कुछ पाकिस्तानी कैदियों ने जानलेवा हमला किया था। सिर में गंभीर चोट की वजह से इस साल 2 मई को उसकी मौत हो गई थी।

सरबजीत की मौत के बाद उनकी बहन दलबीर कौर ने गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे से अपने भाई के निजी वस्तुएं पाकिस्तान से वापस लाने की गुहार लगाई थी। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान से सरबजीत की वस्तुएं लौटाने का आग्रह किया था।

भारतीय उच्चायोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘हमें सरबजीत से जुड़ी 36 वस्तुएं सौंपी गई हैं। इनमें पवित्र कुरान, तीन अन्य ग्रंथ, माला, पांच जोड़े कपड़े, गद्दा, मटका, कंबल और जूते के अलावा जेल में कमाए पैसे शामिल हैं। जल्द ही ये वस्तुएं भारत भेज दी जाएंगी।’

कोट लखपत जेल प्रशासन पहले ही गृह मंत्रालय को सरबजीत की वस्तुएं लौटा चुका था।