भोपाल.मप्र लोक सेवा आयोग ने 2017 में होने वाली राज्य सेवा परीक्षा के नियमों में संशोधन किया है। डीएसपी पद के लिए न्यूनतम आयु सीमा 20 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष कर दी गई है। पिछले साल तक अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष निर्धारित थी। आयोग के इस फैसले का फायदा उन हजारों उम्मीदवारों को होगा जो 25 साल की आयु पूरी करने के बाद इस पद के लिए अपात्र हो जाते थे।
राज्य सेवा परीक्षा और राज्य वन सेवा परीक्षा इस बार कुछ नए बदलावों के साथ हो रही है। इसके तहत संघ लोक सेवा आयोग की तर्ज पर राज्य सेवा परीक्षा और राज्य वन सेवा परीक्षा के लिए एक ही प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होगी। हालांकि मुख्य परीक्षाएं अलग-अलग होंगी। पिछले साल तक यह दोनों ही परीक्षाएं अलग-अलग हुआ करती थी।
मुख्य परीक्षाओं के लिए कटऑफ अलग-अलग होगा
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों का कटऑफ प्रारंभिक परीक्षा में केवल सामान्य अध्ययन के पेपर से तय होगा। जबकि राज्य वन सेवा की मुख्य परीक्षा के लिए कटऑफ प्रारंभिक परीक्षा में पूछे जाने वाले सामान्य अध्ययन और सीसेट दोनों ही पेपर के आधार पर तैयार होगा।
हिंदी के साथ अंग्रेजी में भी लिख सकेंगे निबंध
इस बार से उम्मीदवार अावेदन पत्र में चुनी गई अपनी भाषा में ही निबंध लिख सकेंगे। पिछले साल इसके लिए हिंदी भाषा ही अनिवार्य कर दी गई थी।
राज्य वन सेवा की मुख्य परीक्षा में लिखने होंगे सवालों के उत्तर
राज्य वन सेवा परीक्षा पिछले साल ऑनलाइन हुई थी। इसमें सभी सवाल बहुवैकल्पिक थे। इस बार प्रारंभिक पेपर बहुवैकल्पिक होगा। लेकिन दूसरा मुख्य पेपर लिखित होगा।
राज्य वन सेवा परीक्षा पिछले साल ऑनलाइन हुई थी। इसमें सभी सवाल बहुवैकल्पिक थे। इस बार प्रारंभिक पेपर बहुवैकल्पिक होगा। लेकिन दूसरा मुख्य पेपर लिखित होगा।