नोटबंदी के मामले में कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर बड़े भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता केके मिश्रा के अनुसार सरकारी बैंकों में नोट की अदला-बदली बंद होने के आदेश के बाद मुख्यमंत्री ने पिटिशन बनवाई जो हाई कोर्ट लगी। कोर्ट ने आरबीआई से 15 दिन में जवाब मांगा। सरकार ने इसे स्टे बताया और सिर्फ 15 दिन में भोपाल की बैंकों में 360 करोड़ रुपए का काला धन जमा हुआ, जो प्रदेश के मुखिया, मंत्री और भ्रष्ट नौकरशाहों का है।
6 जनवरी को विरोध प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
नोटबंदी के खिलाफ कांग्रेस जिला स्तर पर 6 जनवरी को विरोध प्रदर्शन करेगी। इसको लेकर सोमवार को प्रदेश प्रवक्ता मिश्रा ने मीडिया से चर्चा कर आंदोलन की जानकारी दी। इस दौरान पूर्व सांसद प्रेचमंद गुड्डू भी मौजूद थे। मिश्रा ने नोटबंदी की आड़ में भाजपा द्वारा बड़ा घोटाला करने का आरोप लगाया। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्थिक आपातकाल की स्थिति ला दी है। एक प्रतिशत लोगों को फायदा मिला और 90 फीसदी आम जनता परेशान है।
6 को जंगी प्रदर्शन करेंगे
पूर्व सांसद गुड्डू ने आरोप लगाया मोदी सरकार ने गरीब व किसानों की कमर तोड़ दी है और 6 जनवरी को कांग्रेस शहीद पार्क पर जंगी प्रदर्शन करेगी। इसमें प्रदेश व केंद्रीय सरकार द्वारा किसानों से किए जा रहे छलावे को उजागर किया जाएगा। प्रेसवार्ता में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनंतनारायण मीणा, जिला पंचायत अध्यक्ष महेश परमार, राजेंद्र वशिष्ठ, विवेक यादव थे।
बांटी जिम्मेदारी
6 जनवरी को शहीद पार्क पर होने वाले आंदोलन को लेकर कांग्रेसी एकजुट नजर आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार वरिष्ठ नेताओं ने गुटबाजी से परे, हर हाल में आंदोलन को सफल बनाने की कड़ी हिदायत दी है। सोमवार को क्षीरसागर पार्टी कार्यालय पर अध्यक्ष मीणा ने पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सभी ने कहा मिलकर आंदोलन के लिए ताकत झोंकेंगे। विधानसभावार समन्वयक भी तय किए गए। शहीद पार्क पर दोपहर 12 बजे से आम सभा में उज्जैन-आलोट लोकसभा क्षेत्र की 8 विधानसभा से कांग्रेसी जुटेंगे। 5 हजार लोग आने का दावा किया।