रतलाम/सुखेड़ा। ग्राम सुखेड़ा में गुरुवार दोपहर खेत पर थ्रेशर से अलसी निकालते समय हुए हादसे में एक महिला की मौत हो गई। दरअसल महिला के सिर की चोटी ट्रैक्टर और थ्रेशर के बीच में लगे शाफ्ट में फंस गई। देखते ही देखते ही उसका सिर भी मशीन की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पिपलौदा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मुन्नालाल पिता हरिराम राठौड़ निवासी तेलीघाटी सुखेड़ा सुबह करीब 11 बजे पत्नी शांतिबाई (38) व पिता अर्जुन के साथ गांव के चौथाई मार क्षेत्र में स्थित खेत पर अलसी निकालने गए थे। खेत पर आठ-दस दिन पहले काटी गई फसल रखी हुई थी। वे मजदूरों के साथ थ्रेशर से अलसी निकलवा रहे थे। दोपहर करीब 1.30 बजे शांतिबाई थ्रेशर के आसपास बिखरी अलसी समेट रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
थ्रेशर और ट्रैक्टर बंद कर निकाला
अचानक हुई घटना से महिला का पति, पुत्र व मजदूर सकते में आ गए। उन्होंने मशीन और ट्रैक्टर को बंद किया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। शाफ्ट की चपेट में आने शांतिबाई के सिर का एक हिस्सा, हाथ, व चेहरा बुरी तरह कट गया।
सूचना मिलने पर पिपलौदा थाना प्रभारी एमएस कनेस, प्रधान आरक्षक अम्बालाल शिकारी, सुखेड़ा चौकी के आरक्षक अनिल सोलंकी व होकमसिंह आदि मौके पर पहुंचे और घटना स्थल की जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शाम को अंतिम संस्कार किया गया। इसमें बड़ी संख्या में समाजजनों व ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
पति ने किया था मना
थ्रेशर चलने के दौरान बार-बार शांतिबाई शाफ्ट के आसपास बिखरी अलसी समेट रही थी। पति ने उसे अलसी समेटने के लिए मना करते हुए कहा था कि थ्रेशर बंद होने के बाद समेट लेना लेकिन वह नहीं मानी।