दो दिन में भरने वाले गड्‌ढों के लिए निगम को चाहिए सात दिन

0

रतलाम। बारिश थमते ही शहर की सड़कों पर गड्ढे निकल आए हैं। कुछ दिन पहले तक स्मार्ट सिटी का दावा करने वाले नगर निगम को इन गड्ढों को चूरी-मुरम से भरने के लिए सात दिन चाहिए। जबकि ये मात्र दो दिन में भरे जा सकते हैं। प्रशासन तो पहले सड़कों की दुर्दशा की समीक्षा करेगा, इसके बाद मरम्मत के निर्देश देगा। तब तक शहरवासियों को इन गड्ढों के बीच से ही गुजरना पड़ेगा।

मुख्य सड़कों की बदहाली

सिटी फोरलेन – हाल ही में बने सिटी फोरलेन पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। कस्तूरबा नगर चौराहे पर तो गड्ढों में गिरकर लोग घायल हो रहे हैं।

पावर हाउस रोड – सैलाना बस स्टैंड से दो बत्ती चौराहे तक जगह-जगह रोड उखड़ चुकी है। कई स्थानों पर गड्ढे हैं। नाले पर बनी पुलिया के समीप गड्ढे से दुर्घटना की आशंका है। दो बत्ती सर्कल के चारों ओर गड्ढे हैं।

न्यू रोड – न्यू रोड की सीसी सड़क 6 महीने पहले ही बनी थी। इसके ढलान पर गड्ढे होने से हादसे हो रहे हैं। एक निजी बैंक के पास तो सड़क पूरी उखड़ चुकी है।

डामर प्लांट बंद है। छोटे-बड़े गड्ढों में चूरी-मुरम डाली जाएगी। 2-4 दिन का काम है फिर भी 7 दिन में चूरी-मुरम से गड्ढे भर देंगे। सोमनाथ झारिया, निगमायुक्त

आज से करेंगे समीक्षा

शहर के आसपास की समीक्षा की है। मरम्मत के निर्देश दिए हैं। शु्क्रवार से निगम सीमा की समीक्षा करेंगे। मरम्मत के निर्देश दिए जाएंगे। बी. चंद्रशेखर, कलेक्टर

2-3 दिन का काम

मुख्य सड़कों का पेचवर्क 2-3 दिन में हो सकता है। पूरे शहर के पेचवर्क में सप्ताहभर काफी है। इससे अधिक समय नहीं लगता।। रवींद्र माचवे, इंजीनियर

चूरी-मुरम के हुए टेंडर

अभी डामरीकरण संभव नहीं है। चूरी-मुरम के टेंडर हो गए हैं। जहां आवश्यकता होगी, वहां डलवाई जाएगी। डामर से गड्ढे बारिश बाद भरे जाएंगे। डॉ. सुनीता यार्दे, महापौर