इमालवा – रतलाम | मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के ड्रीम प्रोजेक्ट स्कूल चलें हम अभियान को जन-आन्दोलन बनाने का संकल्प लेकर रतलाम के जिला प्रशासन ने प्रभावी तैयारी की है | जिला कलेक्टर डॉ संजय गोयल ने शनिवार को इस संबंध में शहर की सभी प्रमुख संस्थाओं और एनजीओ के साथ बैठक की |आम नागरिकों की इस अभियान में उत्साह से भागीदारी हो इस लक्ष्य को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।
प्रदेश के साथ ही रतलाम में भी इस अभियान का शुभारंभ 16 जून से हो रहा है। बैठक के बाद कलेक्टर डॉ गोयल ने पत्रकार साथियो से भी इस अभियान को लेकर एक बैठक की और समाचार माध्यमो से अभियान में उत्साह से भागीदारी करने का आग्रह किया | कलेक्टर डॉ गोयल ने अभियान की गतिविधियों का समन्वय करने के लिए जन-प्रतिनिधियों से भी बातचीत की और इस कार्यक्रम का समाजसेवी संस्थाओं और समूहों से नेतृत्व करने का आग्रह किया | डॉ गोयल ने बताया की मुख्यमंत्रीजी की भावनाओं के अनुरूप इस वर्ष का अभियान ‘शैक्षणिक गुणवत्ता’ को समर्पित होगा। और शैक्षणिक गुणवत्ता’ को बढ़ावा देने और जवाबदेह प्रशासन के संकल्प को पूरा करने के लिए माँ सरस्वती पोर्टल के बारे में भी जानकारी दी |
वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से मिले मुख्यमंत्री के निर्देशों का शत – प्रतिशत पालन सुनिश्चित हो इन निर्देशों के साथ रतलाम में स्कूल चलें हम अभियान को जन-आन्दोलन बनाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है | जिला कलेक्टर डॉ गोयल ने कहा की हर बच्चे को शिक्षित करने की जिम्मेदारी सरकार के साथ पूरे समाज की भी है। समाज के सहयोग से ही यह अभियान सफल होगा। सामाजिक, संगठन, उद्योगपति, व्यापारी, दानदाता संस्थाओं के विशेष सहयोग से गाँवों को गोद लिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि स्कूल जाने योग्य कोई भी बच्चा स्कूल से वंचित नहीं रहे और पहली कक्षा में प्रवेश के बाद 12वीं कक्षा तक अनिवार्य रूप से पढ़ाई पूरी करे। जिन बच्चों के माता-पिता नहीं है उनके लिये विशेष रूप से स्थानीय स्तर पर छात्रावास सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी | अभियान को गति देने समाज के लिए सभी लोग, संस्थाएँ, जन-प्रतिनिधि, स्वैच्छिक संगठन, गणमान्य नागरिक, धर्मगुरू प्रेरक के रूप में अभियान से जुड़ें। संवेदनशील हर व्यक्ति इस अभियान में प्रेरक बन सकता है। उन्होंने कहा कि प्रेरक बनने के लिये 0755-2570000 फोन पर मिस्ड काल देकर पंजीयन करवाया जा सकता है।
कलेक्टर डॉ गोयल ने कहा कि समाज के सहयोग से जिले के प्रत्येक ब्लाक में प्रवेशोत्सव मनाया जायेगा। बच्चों के दाखिला लेते ही उन्हें पाठ्य-पुस्तकें और गणवेश के लिए चेक से राशि उपलब्ध हो जायेंगी। पहली कक्षा में आने वाला बच्चा बारहवीं कक्षा पास होने तक स्कूल न छोड़ें, इसकी जिम्मेदारी पूरे समाज की है। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत दाखिले के लिये समाज को भी इस पुनीत काम में पूरी भागीदारी करना हैं।
माँ सरस्वती पोर्टल रखेगा शिक्षको की उपस्थिति पर नज़र
मुख्यमंत्रीजी की भावनाओं के अनुरूप इस वर्ष का अभियान ‘शैक्षणिक गुणवत्ता’ को समर्पित करने की दिशा में पहला कदम बढाते हुए जिला प्रशासन ने शिक्षको की उपस्थिति की जानकारी एक पोर्टल पर दर्ज करने की तैयारी की है | डॉ संजय गोयल ने बताया की जवाबदेह प्रशासन के संकल्प को पूरा करने के लिए माँ सरस्वती पोर्टल पर जिले भर के शिक्षको की प्रतिदिन की हाजरी दर्ज होगी | इसके लिए इस पोर्टल में विशेष साफ्ट वेयर बनाया गया है | हाजरी दर्ज करने के बाद आकस्मिक निरिक्षण किये जायेंगे | और पोर्टल पर दर्ज जानकारी के विपरीत कुछ और मिलने पर कठोर कार्यवाही होगी |