स्वतंत्रता सेनानी ने दी चेतावनी एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं तो अनशन

0

रतलाम। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजमल चौरड़िया के मकान संबंधी प्रकरण और एमआईसी सदस्य अरुण राव के खिलाफ लगाए आरोपों के बाद विवाद गहरा गया है। चौरड़िया ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा ने अरुण राव के खिलाफ और नगर निगम ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो अनशन पर बैठ जाऊंगा। इसके बाद एसडीएम सुनील झा, नगर निगम आयुक्त सोमनाथ झारिया और अन्य अधिकारियों का लवाजमा चौरड़िया के निवास पहुंचा। मकान का मुआयना किया और एक सप्ताह के भीतर उचित निराकरण का आश्वासन दिया।
एसडीएम सुनील झा, ननि आयुक्त झारिया, सिटी इंजीनियर एस.एस. राजावत चौमुखी पुल स्थित राजमल चौरड़िया के निवास पहुंचे। अधिकारियों ने उनके मकान का मुआयना किया और विवादास्पद चांदे वाली जगह देखी। एसडीएम झा को चौरड़िया ने साफ शब्दों में कहा निगम के दोषी कर्मचारियों, अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्रवाई नहीं हुई तो स्वतंत्रता दिवस संग्राम के समारोह में शामिल नहीं होऊंगा और अनशन पर बैठ जाऊंगा। उन्होंने भाजपा नेताओं से एमआईसी सदस्य अरुण राव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेता भी पहुंचे मिलने
रविवार को इस मामले में कांग्रेस भी शामिल हो गई। पूर्व सांसद कांतिलाल भूरिया के पुत्र डॉ. विक्रांत भूरिया, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिश्रा, नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी, ब्लॉक अध्यक्ष मंसूर अली पाटोदी, शीतल सेन आदि के साथ चौरड़िया के निवास पर पहुंचे। डॉ. भूरिया ने स्वतंत्रता सेनानी को आश्वस्त किया मामले में कांग्रेस उनके साथ है। जरूरत पड़ने पर आंदोलन को तैयार हैं।

मामले की जांच बाद परामर्श लेंगे
कल ही प्रकरण संज्ञान में आया। मामले की सत्यता जांचने के बाद संभागीय संगठन मंत्री से परामर्श करेंगे।

                                                                                                                                 प्रदीप उपाध्याय, महामंत्री जिला भाजपा

मैं किसी तरह की राजनीित नहीं चाहता। कोर्ट का आदेश मेरे पक्ष में है। उसी का पालन करना भर है। कार्रवाई की मांग करना मेरा अधिकार है

                                                                                                                                               राजमल चौरड़िया, स्वतंत्रा संग्राम सैनानी