25 दिन में भी चेक क्लियर नहीं होने पर सेंट्रल बैंक में हंगामा

0

पखवाड़ेभर से ज्यादा दिन होने के बावजूद किसानों के चेक क्लियर नहीं हो रहे हैं। इससे किसानों में आक्रोश है तथा उनके जरूरी काम अटक गए हैं। नोटबंदी से उपजी इस समस्या को लेकर कांग्रेस नेताओं ने बुधवार दोपहर स्थानीय सेंट्रल बैंक शाखा पहुंचकर मैनेजर का घेराव किया। चेक क्लियर नहीं होने पर नाराजगी जताई।

बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे कांग्रेस नेता राधेश्याम चौहान, रशीद पठान, गणपत मालीवाड़ आदि किसान जीवन कटारिया, गोपाल पाटीदार, शांतिलाल पाटीदार के साथ मंडी गेट के सामने स्थित सेंट्रल बैंक शाखा पहुंचे। यहां मैनेजर विजय भारत से मिलकर चेक क्लियर नहीं होने पर आक्रोश जताया। कहा जो चेक एक-दो दिन में क्लियर हो जाने चाहिए उनमें 20 से 25 दिन लग रहे हैं। किसान लाइनों में लगकर परेशान हो रहे हैं और बैंक अधिकारी सही जवाब नहीं दे रहे। काफी हंगामे के बाद मैनेजर भारत ने कांग्रेस नेताओं से कहा कि सभी चेक क्लियर होने के लिए रतलाम मुख्य शाखा में भेजे जाते हैं। वहां सभी शाखाओं के चेक आने से काम का दबाव है। इसलिए देर हो रही है। हमने वरिष्ठ अधिकारियों से बात की है। एक-दो दिन में ज्यादातर चेक क्लियर होकर खातों में राशि जमा हो जाएगी। धीरे-धीरे हालात सामान्य हो जाएंगे। इस आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और नेता-किसान वापस लौट गए।

कालूखेड़ा में भी परेशान हो रहे किसान

सेंट्रल बैंक शाखा कालूखेड़ा में भी चेक क्लियर नहीं होने से किसान परेशान हैं। मामटखेड़ा के वरदीचंद चौधरी ने बताया 2 दिसंबर को चेक लगाया था। बुधवार को दिनभर लाइन में लगा। चार घंटे बाद नंबर आया तो बैंककर्मी ने कहा चेक क्लियर नहीं हुआ है। नवेली के गजराजसिंह ने बताया लहसुन बेचकर महीनेभर पहले चेक लगाया था। अब तक क्लियर नहीं हुआ। खाद-कीटनाशक की व्यवस्था नहीं कर पा रहे हैं। जरूरी काम रुके हुए हैं। कालूखेड़ा सेंट्रल बैंक शाखा प्रबंधक हरिओम मीणा ने बताया पहले दो-चार चेक आते थे। नोटबंदी के बाद रोज 300 से ज्यादा चेक आ रहे। इसलिए समय पर चेक क्लियर नहीं हो रहे हैं। रतलाम संपर्क किया है।