नमो” की रैली में विरोधियों को न्योता!

0

लखनऊ। भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई कानपुर में होने वाली नमो (नरेंद्र मोदी) की पहली रैली को ऎतिहासिक बनाने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी ने सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल सहित कई धुर विरोधियों को भी निमंत्रण-पत्र भेजने की योजना बनाई है।

भाजपा के सूत्र बताते हैं कि कानपुर में 19 अक्टूबर को होने वाली मोदी की रैली के लिए ऎसा भव्य वाटरप्रूफ पंडाल बनाया जाएगा, जैसा अब तक के इतिहास में कभी नहीं बना होगा। इसके लिए गुजरात से मोदी के करीबियों के इशारे पर ही सारी रूपरेखा तय की जा रही है।

मोदी की रैली के लिए पंडाल बनाने में भाजपा ने आठ ऎसे विशेषज्ञों को लगाया है जो आर्किटेक्ट के क्षेत्र में महारत हासिल रखते हैं। इन आठों लोगों ने मिलकर मोदी की रैली के लिए बनाए जाने वाले पंडाल का डिजाइन तैयार कर भाजपा के स्थानीय रणनीतिकारों को सौंप दी है।

पंडाल की डिजाइन के अलावा नमो के भाषण को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए भी भाजपा की तरफ से एलसीडी स्क्रीन की व्यवस्था की जा रही है। पूरे मैदान और उसके बाहर आवश्यकता के मुताबिक 50 एलसीडी लगाई जाएंगी। इसके लिए स्थानीय स्तर पर एक कंपनी का सहयोग लिया जा रहा है, जो इसका काम देखेगी।

प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी रैली के सकुशल संपन्न होने की कामना के साथ बुधवार को मिले मैदान में भूमि पूजन भी करेंगे। भाजपा के सूत्र यह भी बताते हैं कि रैली को लेकर उप्र भाजपा ने एक खास रणनीति भी बनाई है। रणनीति के मुताबिक, कानपुर के सभी पार्टियों के विधायकों को रैली में शामिल होने का निमंत्रण भेजा जाएगा। रैली में आने या न आने का फैसला विरोधियों को करना है।

कानपुर भाजपा इकाई के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि रैली में कानपुर के सभी विधायकों के साथ ही सांसद को भी न्योता भेजा जाएगा। आने न आने का फैसला उनको करना है। भाजपा अपनी रैली में सभी लोगों को निमंत्रण भेजेगी।

भाजपा सूत्रों की मानें तो नमो की रैली में शामिल होने के लिए उप्र भाजपा की ओर से लगभग एक लाख निमंत्रण-पत्र छपवाए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भाजपा की योजना के मुताबिक सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और स्थानीय सांसद श्रीप्रकाश जायसवाल को भी निमंत्रण भेजने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा भी कई अन्य धुरंधर विरोधियों को नमो की रैली में शामिल होने का बुलावा भेजा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि उप्र भाजपा का दावा है कि कानपुर में होने वाली नरेंद्र मोदी की रैली में तीन लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। रैली में मोदी के अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी मौजूद रहेंगे।