तकनीकी खराबी की वजह से रात 3 बजे कराई गई फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

0

भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट पर शुक्रवार देर रात 3 बजे एयर इंडिया के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस विमान में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित करीब 100 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को शनिवार को दूसरी फ्लाइट से रवाना दिल्ली रवाना किया गया।

जानकारी के अनुसार भोपाल से दिल्ली जा रहे एयर इंडिया के एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद तकनीकी खराबी की वजह से पायलट ने तुरंत एयरपोर्ट के नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया और विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति ली। उधर, एयरपोर्ट के अधिकारियों ने इमरजेंसी लैंडिंग के लिए सारी सुविधाएं उपलब्ध कराईं, जिसके बाद लैंडिंग हो सकी। विमान में शौर्य स्मारक के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए भोपाल आए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सहित करीब 100 यात्री सवार थे।

देर रात तक होता रहा हंगामा
उधर, दूसरी फ्लाइट का इंतजाम नहीं होने पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। यात्रियों ने देर रात तक एयरपोर्ट पर हंगामा किया। हंगामे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे एयर इंडिया के अफसरों ने यात्रियों को समझाया और होटल में ठहरने के लिए राजी किया।

मंत्री के लिए मंगवाया गया विशेष विमान
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर शनिवार सुबह राज्य सरकार के विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुए। एयर इंडिया एमपी चीफ विश्रुत आचार्य ने बताया कि विमान में सवार यात्रियों को एयर इंडिया के नियमित विमान से शनिवार को दोपहर में दिल्ली के लिए रवाना किया गया।