भोपाल। राजधानी समेत पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मंगलवार को भी आसमान पर बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर सुबह बारिश हुई। दोपहर तक कोहरा छाया रहा और ओस गिरती रही। आसमान पर बादल छाए रहने के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और जोरदार ठंड का अहसास हुआ। मौसम के असर से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में 29 जनवरी तक मौसम पूरी तरह से साफ होने के आसार हैं। फिर रात के तापमान में तेजी से गिरावट आएगी।
दिन का पारा लुढ़का
प्रदेश भर में मंगलवार को दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतर स्थानों पर दिन का तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान 16.7 डिग्री दर्ज हुआ। अधिकतर स्थानों पर सोमवार रात न्यूनतम तापमान 11 से 14 डिग्री के बीच रहा।
क्यों बदला मौसम
पिछले हफ्ते जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण प्रदेश में मौसम बदल गया था। 25 जनवरी तक मौसम साफ होने के आसार थे। इस बीच वहां एक और पश्चिमी विक्षोभ बनने से नमी आनी शुरू हो गई, जिससे प्रदेश में फिर बारिश होने लगी।
फसलों को फायदा
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए फायदेमंद है। इसके बाद साफ मौसम की जरूरत है। अरहर की कटाई शुरू हो गई है। मटर की फसल भी पक चुकी है।
मौसम साफ होने लगेगा
बुधवार से मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा। गुरुवार तक मौसम पूरी तरह से साफ हो जाएगा। बुधवार सुबह कोहरा छाया रहेगा। इसके बाद रात के तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। शीतलहर भी चल सकती है।
डॉ. अनुपम काश्यपी, निदेशक, मौसम केंद्र