कश्मीर में बर्फबारी से रतलाम में ठिठुरन, रात का पारा 9.6 डिग्री

0

रतलाम | कश्मीर में हो रही बर्फबारी के कारण शहर में भी ठंड बढ़ गई है। मंगलवार को शहर में शीतलहर चली तो वहीं सुबह व शाम कोहरा छाया रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और कमी आएगी। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार इस तरह का मौसम फसलों के लिए अमृत साबित होगा।

हवा का रुख बदला, बढ़ी ठंड

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व निदेशक डॉ. डीपी दुबे ने बताया कश्मीर की पहाड़ियों में बर्फबारी हो रही है। वहीं हवा का रुख भी उत्तर-पश्चिमी हो गया है। इससे मैदानी इलाकों में भी सर्दी बढ़ गई है। आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आ सकती है।

फसलों को होगा फायदा

कृषि वैज्ञानिक इस तरह के मौसम को फसलों के लिए अमृत समान मान रहे हैं। जिले में 2 लाख 25 हजार हेक्टेयर में रबी की बोवनी की है। 1 लाख 12 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बोवनी की है। कोहरा व ठंड गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है।

28.6 डिग्री दिन का पारा

दाे दिनों से रात का पारा 9 डिग्री के करीब बना हुआ है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 28.6 व न्यूनतम 9.6 डिग्री दर्ज किया गया। साेमवार को यह 28.2 व 9.5 डिग्री था। दिसंबर में पिछले साल सबसे कम तापमान 26 दिसंबर को 5.2 डिग्री था।