प्याज की बंपर आवक से गोदाम होने लगे फुल

0

सड़ा, गला छोड़कर सभी तरह का प्याज खरीदने से सरकारी खरीदी केंद्र पर प्याज की बंपर आवक है। स्थिति यह है कि गोदाम फुल होना शुरू हो गए। करमदी के तीनों गोदाम फुल होने के बाद विपणन संघ ने कलमोड़ा स्थित खरीदी केंद्र पर प्याज की खरीदी शुरू करने का फैसला लिया। खरीदी को देखते बड़ी संख्या में किसान पहुंच गए लेकिन दोपहर तक खरीदी शुरू नहीं हुई। दोपहर 2 बजे जब खरीदी हुई तो खराब प्याज बताते हुए किसान की ट्रॉली रिजेक्ट कर दी। इससे किसानों ने हंगामा कर चक्काजाम किया। एसडीएम ग्रामीण नेहा भारती पहुंची और समझाइश दी। इसके बाद खरीदी शुरू हुई।

1656 क्विंटल की खरीदी

विपणन संघ ने 1656 क्विंटल प्याज खरीदा है। 1156 क्विंटल गुरुवार तक व 500 क्विंटल प्याज की खरीदी शुक्रवार को हुई।

सभी तरह का प्याज खरीदें

किसान नेता राजेश पुरोहित ने बताया सीएम ने सभी तरह का प्याज खरीदने का आदेश दिया है। लेकिन उद्यानिकी विभाग के अधिकारी नहीं मान रहे हैं। कलमोड़ा स्थित खरीदी केंद्र पर किसान गुरुवार शाम से ही पहुंच गए थे। दोपहर तक खरीदी नहीं हुई। जब खरीदी हुई तो किसानों की ट्रालियां रिजेक्ट कर दी। इससे किसान नाराज हो गए थे और चक्काजाम कर दिया था। सभी तरह का प्याज खरीदना चाहिए।

पर्याप्त गोदाम हैं- जिला विपणन अधिकारी राखी रघवुंशी ने बताया गोदाम में प्याज का भंडारण 8 से 10 फीसदी ही हो पाता है। इससे गोदाम जल्दी भर जाते हैं। हमारे पास पर्याप्त भंडारण की व्यवस्था है।

सोमवार को सब्जी मंडी के पास होगी खरीदी

करमदी, कलमोड़ा के बाद अब प्याज की खरीदी सोमवार से सब्जी मंडी स्थित श्रीनाथ वेयर हाउस के पास होगी। जिन किसानों को अपना प्याज बेचना है। वे खरीदी केंद्र पर पहुंच बेच सकते हैं।

भंडारण चार ऊंचाई तक ही

प्याज का भंडारण चार ऊंचाई के मुताबिक होता है। इससे एक हजार टन के गोदाम में 80 टन प्याज का भंडारण हो पाता है। इससे गोदाम जल्दी भर जाते हैं। करमदी में 5800 टन के गोदाम विभाग के पास थे। ये सभी भर गए हैं।