भारतीय कबड्डी टीम ने कोरिया के इंचियोन में चल रहे चौथे एशियाई इंडोर एवं मार्शल आर्ट खेलों में भी अपनी बादशाहत बरकरार रखते हुए आज महिला और पुरूष दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते।भारत की महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को 54-31 से हराया। भारतीय टीम मध्यांतर तक 28-14 से आगे थी। महिला कबड्डी पहली बार इन खेलों में शामिल की गयी थी।पुरूष टीम ने हालांकि…
भारतीय कबड्डी टीम ने कोरिया के इंचियोन में चल रहे चौथे एशियाई इंडोर एवं मार्शल आर्ट खेलों में भी अपनी बादशाहत बरकरार रखते हुए आज महिला और पुरूष दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते।भारत की महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को 54-31 से हराया। भारतीय टीम मध्यांतर तक 28-14 से आगे थी। महिला कबड्डी पहली बार इन खेलों में शामिल की गयी थी।पुरूष टीम ने हालांकि खिताब की हैट्रिक पूरी की। उसने भी खिताबी मुकाबले में ईरान को 42-32 से पराजित किया। पहले हाफ में ईरान ने भारत को बराबरी की चुनौती दी लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय खिलाडि़यों ने बेहतरीन खेल दिखाकर आसानी से खिताब जीता। भारतीय पुरूष टीम पहले हाफ के बाद 19-16 से आगे थी। भारत ने इससे पहले मकाउ और वियतनाम में हुए इंडोर खेलों में भी कबड्डी का स्वर्ण पदक जीता था।भारतीय एमेच्योर कबड्डी महासंघ की विग्यप्ति के अनुसार भारतीय खिलाडि़यों को उस समय बहुत मायूसी हुई जब विजय समारोह के दौरान तिरंगा नहीं लहराया गया और राष्ट्रगान भी नहीं बजा। भारतीय ओलंपिक संघ पर प्रतिबंध के कारण भारतीय खिलाड़ी इन खेलों में आईओसी के झंडे तले भाग ले रहे हैं।भारतीय महिला टीम को कोरियाई कबड्डी संघ के अध्यक्ष चो जाइकी और पुरूष टीम को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी महासंघ और एशियाई कबड्डी महासंघ के अध्यक्ष जनार्दन सिंह गहलौत ने पदक वितरित किये।