स्पॉट फिक्सिंग:धोनी,हरभजन तक आंच!

0

मुंबई। आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग मामले में पहली बार भारतीय टीम और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम आया है। मुंबई पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सीएसके का मालिक गुरूनाथ मयप्पन धोनी व कोच स्टीफन फ्लेमिंग से जानकारियां लेकर सट्टेबाजों को देता था। मयप्पन अभी पुलिस गिरफ्त में हैं। 

पुलिस का कहना है कि 3 अन्य खिलाडियों के नाम सामने आए हैं, जिनके नाम पुख्ता सबूत जुटाकर सार्वजनिक किए जाएंगे। गिरफ्तार बुकीज से इनके बारे में इन तीनों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद तीनों प्लेयर्स की कॉल डिटेल खंगाली गई। ये खिलाड़ी कुछ पूर्व खिलाडियों के भी संपर्क में थे।

सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां हरभजन से भी पूछताछ कर सकती है। सटोरिए हरभजन सिंह को फिक्स करने की कोशिश में थे। इसके लिए उन्होंने सट्टेबाजी के आरोप में गिरफ्तार बॉलीवुड अभिनेता विंदू दारा सिंह का इस्तेमाल किया था। बुकी संजय कपूर के कहने पर विंदू ने भज्जी से अप्रोच करने की कोशिश की थी। 

सूत्रों के मुताबिक वह अपने को मकसद पूरा करने के करीब पहुंच गया था लेकिन स्पॉट फिक्सिंग को लेकर दिल्ली पुलिस के खुलासे और सट्टेबाजी को लेकर मुंबई पुलिस की मुहिम के कारण सटोरियों का खेल बिगड़ गया। 

विंदू ने खुलासा किया था कि उसकी कई क्रिकेटरों से जान पहचान है। इनमें से हरभजन सिंह,विराट कोहली और मनप्रीत गोनी के वह काफी करीब है। विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूरू के कप्तान हैं जबकि मनप्रीत गोनी किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलते हैं।

इधर, मुंबई में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में जब पत्रकारों ने धोनी से फिक्सिंग से जुड़े सवाल पूछे, तो वे चुप रहे। मौजूद पत्रकारों से पहले ही कह दिया गया था कि वे मामले से जुडे सवाल न पूछें। जब कुछेक ने धोनी से सवाल पूछा, तो उन्हें मैनेजर ने चुप करा दिया। धोनी कांफ्रेंस में पुलिस सुरक्षा लेकर पहुंचे थे।