दुनिया की सबसे बड़ी सोशल नेटवर्किंग कंपनी फेसबुक ने युवाओं के बीच अपनी पॉप्युलैरिटी बढ़ाने के लिए तेजी से उभरती मोबाइल मेसेजिंग कंपनी वॉट्स ऐप को खरीदने का फैसला किया है। फेसबुक इंक की ओर से बुधवार को इसका ऐलान किया गया। फेसबुक और वॉट्स ऐप के बीच यह सौदा 19 अरब डॉलर में तय हुआ है।
यह फेसबुक का अब तक का सबसे बड़ा अधिग्रहण है। 19 अरब की यह डील कैश और स्टॉक में होगी। फेसबुक इंक ने कहा है कि वॉट्स ऐप के लिए 4 अरब डॉलर कैश और 12 अरब डॉलर स्टॉक के रूप में दिए जाएंगे। इसके अलावा 3 अरब डॉलर वॉट्स-ऐप के फाउंडर और कर्मचारियों को दिए जाएंगे।
पांच साल पहले शुरू हुए वॉट्स ऐप को दुनिया भर में 45 करोड़ लोग इस्तेमाल कर रहे हैं और यह युवाओं के बीच काफी पॉप्युलर है। वॉट्स ऐप के यूजर सबसे ज्यादा यूरोप में हैं। भारत में इस मेसेजिंग सर्विस को करीब 3.5 करोड़ लोग इस्तेमाल करते हैं।
फेसबुक के को-फाउंडर और सीईओ मार्क जकरबर्ग ने बुधवार को अपने पेज पर लिखा कि हर दिन वॉट्स ऐप के साथ दस लाख नए लोग जुड़ते जा रहे हैं। जकरबर्ग ने वॉट्स ऐप सर्विस को मूल्यवान बताया है। उन्होंने वॉट्स ऐप को एक अरब लोगों तक पहुंचने का रास्ता बताया है।
डील के तहत वॉट्स ऐस के को-फाउंडर और सीईओ जेन कोयूम को फेसबुक बोर्ड का मेंबर भी बनाया जाएगा। हालांकि, अधिग्रहण के बाद भी वॉट्स ऐप फेसबुक से बिलकुल अलग काम करता रहेगा। कोयूम ने कहा कि वह इस कंपनी को स्वतंत्र रूप से चलाना चाहते हैं।
गौरतलब है कि 2012 में फेसबुक ने वॉट्स ऐप को खरीदने से पहले एक अरब डॉलर की लागत से इंस्टाग्राम को खरीदा था।