एक्साइज ड्यूटी के विरोध में शनिवार को प्रदेश बंद रहेगा। सराफा व्यापारी बंद की तैयारी में जुटे रहे। हर व्यापारी संगठन से संपर्क साधा जा रहा है। सराफा एसोसिएशन ने अब तक 46 संगठन के साथ में आने का दावा किया है।
बजट में सोने के गहनों पर एक फीसदी एक्साइज ड्यूटी लगा दी है। इसके विरोध में सराफा व्यापारी 37 दिन से हड़ताल पर हैं। कहीं सुनवाई नहीं होने से सराफा व्यापारियों ने 9 अप्रैल को प्रदेश बंद का आह्वान किया है। व्यापारियों ने गुरुवार को कपड़ा, किराना, साड़ी, रेडीमेड लोहा सीमेंट कारोबारियों के संगठनों से संपर्क किया और उन्हें हड़ताल में शामिल होने की गुजारिश की। अब तक 46 व्यापारी संगठनों ने बंद में शामिल होने का आश्वासन दिया है। इस दिन रतलाम सहित पूरा प्रदेश बंद रहेगा। इसके लिए माइक से व्यापारियों को हड़ताल में शामिल होने की गुजारिश की।
सभी व्यापारी संगठन रैली में होंगे शामिल
मप्र सराफा एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष झमक भरगट एवं संरक्षक अनोखीलाल कटारिया ने बताया बंद के लिए अब तक कई व्यापारी संगठनों ने सहमति जताई है। बंद शांतिपूर्वक रहेगा। सुबह 11 बजे सराफा बाजार से रैली निकलेगी। जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। इसमें सभी व्यापारी संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे। रैली प्रमुख मार्गों से होती हुए कलेक्टोरेट पहुंचेगी जहां ज्ञापन सौंपा जाएगा।
मैजिक-टेम्पो भी रहेंगे बंद
सराफा एसोसिएशन द्वारा किए जा रहे बंद का मैजिक, टेम्पो यूनियन ने भी समर्थन दिया है। यूनियन के संरक्षक राजकुमार जैन लाला एवं अध्यक्ष अशोक पंचोली ने बताया हड़ताल का यूनियन द्वारा पूरा समर्थन है और हम व्यापारियों के साथ में है। श्यामलाल व्यास, सुरेंद्रसिंह सिसौदिया आदि मौजूद थे।