रतलाम.हाउसिंग बोर्ड यानी सरकार की कॉलोनी और सस्ते मकान मिलने का भरोसा। ये भरोसा घर का सपना साकार करने वालों पर भारी पड़ रहा है। बोर्ड द्वारा निजी कॉलोनाइजर से ज्यादा कंस्ट्रक्शन शुल्क ग्राहकों से वसूला जा रहा है। इससे कॉलोनी में मकान का रेट इतना ज्यादा है कि मध्यमवर्गीय परिवार के लोग तो घर खरीद ही नहीं पाएं।

बाजार में जहां कंस्ट्रक्शन रेट 1100 रुपए (स्टैंडर्ड रेट) वर्ग फीट है। वहीं हाउसिंग बोर्ड 2043 रुपए शुल्क वसूल रहा है। हाउसिंग बोर्ड ने गंगासागर के 155 मकानों की बुकिंग के लिए विज्ञप्ति जारी की। उसमें इसी मान से रेट वसूला जाएगा। बोर्ड की यहां 40 सीनियर एचआईजी और 115 जूनियर एचआईजी मकान बनाने की प्लानिंग है। जबकि बाजार में इसकी तुलना में आधा ही कंस्ट्रक्शन रेट है। ऐसे में हाउसिंग बोर्ड की कॉलोनी में मकान निजी कॉलोनियों से भी महंगे मिल रहे हैं। हालांकि विभाग का कहना है कि कॉलोनी में रेट बोर्ड के नियमों के अनुसार ही वसूले जा रहे हैं।

एक नजर इधर भी

बोर्ड 2325 वर्गफीट के प्लॉट पर 1115 वर्गफीट का मकान बनाकर देगी। यह सीनियर एचआईजी है। कीमत 44.90 लाख रुपए रखी है।

1535 वर्गफीट के प्लाॅट पर 880 वर्गफीट पर मकान बनाएगी। यह जूनियर एचआईजी में आएगा। कीमत बोर्ड ने 33.40 लाख रुपए रखी है।

शहर की अन्य कॉलोनियों में इतने साइज के प्लॉट पर बने मकान 30 से 35 लाख में मिल रहे हैं।

बोर्ड के हिसाब से शुल्क

कॉलोनी के रेट बोर्ड तय करता है। इसी हिसाब से कंस्ट्रक्शन रेट है। जमीन के रेट भी बोर्ड तय करता है। उसी हिसाब से वसूल रहे हैं। प्रमोद पराते, ईई हाउसिंग बोर्ड

अच्छे कंस्ट्रक्शन का रेट 1100 रुपए प्रति वर्गफीट
बाजार में 1100 रुपए वर्ग फीट कंस्ट्रक्शन रेट है। यह स्टैंडर्ड रेट है। अब हाउसिंग बोर्ड इतने रेट क्यों वसूल रहा है। इसकी जानकारी नहीं है। बोर्ड को इसकी जानकारी ग्राहकों को देना चाहिए कि वो इतना कंस्ट्रक्शन रेट क्यों वसूल रहा है। महेंद्र गादिया, कॉलोनाइजर एवं बिल्डर्स

और यह भी

बोर्ड द्वारा कॉलोनियां तो बना दी जाती हैं लेकिन इसके बाद ध्यान नहीं दिया जाता है। इससे बाद में लोग परेशान होते रहते हैं। अलकापुरी, दीनदयालनगर कॉलोनी विभाग की बेस्ट कॉलोनियों में गिनी जाती हैं लेकिन यहां आज भी सीवरेज की समस्या है और लोग समस्या से जूझ रहे हैं। हालांकि बोर्ड ने यह कॉलोनी निगम को हस्तांतरित कर दी है। लेकिन उस समय सही प्लानिंग से सीवरेज लाइन नहीं बिछाने से यह समस्या है।

सरकारी गाइड लाइन में कंस्ट्रक्शन रेट 836 रुपए

सरकारी गाइड लाइन में कंस्ट्रक्शन रेट हाउसिंग बोर्ड और बाजार से भी कम है। गाइड लाइन में 836 रुपए वर्ग फीट है। रजिस्ट्रार कार्यालय द्वारा इसी मान से रजिस्ट्री की जा रही है। यह पूरे शहर का रेट है।

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी ने 52% महंगी की जमीन

हाउसिंग बोर्ड के कारण सरकारी गाइड लाइन में गंगासागर क्षेत्र में जमीन के दाम 52 फीसदी तक बढ़े हैं। 1 अप्रैल 2016 के पहले तक यहां जमीन के रेट 340 रुपए प्रति वर्गफीट थे। वहीं अब 520 रुपए प्रति वर्गफीट हो गए। जिला पंजीयक विभाग ने हाउसिंग बोर्ड द्वारा बेचे गए मकान को आधार बनाकर गाइड लाइन में दाम बढ़ाए हैं।

By parshv