रतलाम,16 मई। सोमवार को माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल ने कक्षा दसवी बोर्ड के नतीजे घोषित किए। जिले में दसवी बोर्ड का रिजल्ट 64.89 प्रतिशत रहा। जिले की बेटियों ने इस बार 10वीं बोर्ड के परिणामों में एकतरफा बाजी मारी है। परिणामों में जिले की मेरिट में प्रथम तीनों स्थानों पर छात्राओं ने ही कब्जा जमाया है। हालांकि प्रदेश की मेरिट सूची में जिले का कोई विद्यार्थी अपना स्थान नहीं बना पाया है। गत वर्ष की तुलना में इस बार जिले का परिणाम 11 प्रतिशत ज्यादा है। परीक्षा परिणाम जानने के लिए साइबर केफें पर विद्यार्थियों की भीड़ लगी रही, वहीं मोबाइल और पर्सनल कम्प्यूटर से भी परिणाम देखे गए। परिणाम के बाद उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों ने जमकर खुशी का इजहार किया।

हाईस्कूल परीक्षा परिणामों में इस वर्ष जिले का परिणाम 64.89 प्रतिशत है, जबकि पिछले वर्ष 53.39 प्रतिशत ही था। इस वर्ष छात्राओं के पास होने का प्रतिशत छात्रों की अपेक्षा 11 प्रतिशत ज्यादा है। 71 प्रतिशत छात्राएं पास हुई हैं जबकि 60 प्रतिशत छात्र। दसवी बोर्ड के नतिजों को लेकर सोमवार सुबह से ही विद्यार्थियों और उनके परिजनों में उत्सुकता थी। हर कोई घड़ी का काटां 4 पर आने का इंतजार कर रहा था। जैसे ही घड़ी का काटा 4 पर आया विद्यार्थियों और उनके परिजनों ने आनलाइन परिणामों को जानने के लिए मंडल की वेबसाइड को क्लीक करना शुरु कर दिया था। रोल नम्बर डालते ही पुरा परिणाम आनलाइन सामने था। परिक्षा परिणामों को जानने के लिए साइबर केफे पर भी भीड़ रही। साइबर केफे से परिणामों की प्रिंट निकाल कर दी जा रही थी।

पास होने के साथ ही सेलिब्रेशन शुरु
दसवी के परीक्षा परिणाम में बाजी मारने वाले विद्यार्थियों की खुशी का ठिकाना नहीं था। परिणामों को जानने के साथ ही पास होने का सेलिब्रेशन शुरु हो गया था। दोस्तों को फोन कर उनके परिणाम जाने जा रहे थे। पास होने की खुशी में पेस्ट्री, केक, मिठाई और अन्य व्यजनों से सेलिब्रेशन किया जा रहा था।

जिले की मेरिट में तीनों छात्राएं
इस बार जहां दसवी बोर्ड में प्रदेश की मेरिट सूची में जिले से कोई विद्यार्थी अपना स्थान नहीं बना पाया है, वहीं जिले की मेरिट सूची में भी एक भी लड़का स्थान नहीं बना सका है। जिले की मेरिट में तीनों छात्राओं ने स्थान बनाया है। जिले की मेरिट में पहले स्थान पर श्री गुरुतेग बहादुर पब्लिक हायर सेंकेडंरी स्कूल की पलक पिता सुनील जैन रही है। जिसे 600 में से 579 अंक मिले है। दुसरे नम्बर पर सैलाना गल्र्स हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रज्ञा पिता कृष्मा कुमार रही है, जिसे 600 मे से 577 अंक मिले है। तीसरे नम्बर पर काटजू नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर की सुभद्रा पिता कुंवर सिंह तिलग्राम रही है, जिसे 600 में से 576 अंक मिले है।

परिणामों में लड़कियों का दबदबा
कक्षा दसवी बोर्ड के परीक्षा परिणामों में लड़कियों का दबदबा रहा। लड़को का परीक्षा परिणाम जहां 60.06 प्रतिशत रहा, वहीं लड़कियों का परिक्षा परिणाम 71 प्रतिशत रहा। जिले में कुल 11375 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे थे, जिनमें से 6360 लड़के और 5015 लड़किया थी। परीक्षा में 3818 लडके और 3559 लड़कियां पास हुई। कुल 7377 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।

By parshv