रेल कर्मचारियों को जल्द मिलेगा बोनस एरियर, बोर्ड ने भेजा प्रस्ताव

0

रेलवे कर्मचारियों के लिए बुधवार को खुशखबर आई। बोनस सीलिंग लिमिट के एरियर के भुगतान की प्रक्रिया अब अहम पड़ाव पर पहुंच गई है। रेलवे बोर्ड से इस मामले को अब मंत्रालय की ओर स्वीकृति के लिए भेज दिया है। सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही रेल कर्मचारियों को बोनस सीलिंग लिमिट एरियर राशि का भुगतान हो जाएगा। भारतीय मजदूर संघ और भारतीय रेल मजदूर संघ के प्रयासों से यह सफलता मिली है।

बुधवार शाम रतलाम पहुंचे भारतीय रेल मजदूर संघ के महामंत्री अशोक शुक्ला ने यह बात कही है। शुक्ला ने कहा कि भारतीय रेल मजदूर संघ किसी तरह की हड़ताल के पक्ष में नहीं है। दोनों मान्यता प्राप्त संगठन कर्मचारियों को गुमराह कर रहे हैं। 98 प्रतिशत सिक्रेट बैलेट होने के बाद भी दोनों ही मान्यता प्राप्त संगठन हड़ताल से पीछे भाग रहे हैं, यह दोहरी नीति है। भारतीय मजदूर संघ विश्व का सबसे बड़ा संगठन है, जब तक यह संगठन हड़ताल में शामिल नहीं होगा हड़ताल सफल हो ही नहीं सकती।

शुक्ला ने कहा कि रेलवे में पे-कमिशन के नाम पर रिटायर्ड जज बैठा दिए जाते हैं। ऐसे लोग जो रेलकर्मचारियों के काम को जानते ही नहीं, वे वेतन के फैसले करेंगे तो विसंगति आएगी ही। हमारी मांग है कि रेलवे में सेपरेट वेज बोर्ड होना चाहिए। न्यू पेंशन स्कीम के मामले में शुक्ला ने कहा कि दोनों ही मान्यता प्राप्त संगठन इसका हल चाहते ही नहीं है। किसी एक संगठन के आगे आने से स्कीम में परिवर्तन नहीं होगा, सभी को साथ आना होगा। हम इसके लिए तैयार है।

रतलाम पहुंचे अशोक शुक्ला का स्टेशन पर पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद के महामंत्री शिवलहरी शर्मा, मंडल मंत्री सुनील दुबे, प्रचार मंत्री ब्रजमोहन कुरवाड़े, दिलीप कुमायूं, गोकुलसिंह, रणवीर गुर्जर आदि ने स्वागत किया। शुक्ला गुरूवार को दाहोद में कर्मचारियों के प्रदर्शन में शामिल होंगे। शुक्रवार को वे रतलाम में रेलवे कर्मचारियों के आंदालेन में भाग लेंगे।