रेलवे स्टेशन की सफाई व्यवस्था में कसावट लाने के लिए नए ठेकेदार ने कुछ कर्मचारियों की ड्यूटी क्या बदली वे नाराज हो गए। उन्होंने बाकी कर्मचारियों को साथ लेकर स्टेशन पर हंगामा कर दिया। उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर चार पर रखी डस्टबिन का कचरा भी प्लेटफॉर्म पर फैला दिया। जीआरपी, आरपीएफ व स्टेशन स्टॉफ के अधिकारियों ने पहले समझाया, नहीं मानने तो सख्ती दिखाई तब जाकर कर्मचारी शांत हुए। लगभग दो घंटे हंगामे के बाद स्टेशन की सफाई शुरू हो सकी। रेल प्रशासन ने कचरा फैलाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। स्टेशन की सफाई का जिम्मा प्रथम नेशनल सिक्यूरिटीज ने शनिवार को संभाल लिया। व्यवस्था में सुधार के लिए एक सुपरवाइजर ने महिला कर्मचारी गायत्री व ममता की ड्यूटी प्लेटफॉर्म नं चार के बजाय सात पर लगा दी। इससे महिला कर्मचारी भड़क गईं और हंगामा कर खानपान स्टॉल के आगे डस्टबिन का कचरा प्लेटफॉर्म पर फैला दिया।

80 कर्मचारियों के साथ शुरू की सफाई

प्रथम नेशनल सिक्यूरिटीज ने शनिवार को पहले दिन 80 कर्मचारियों के साथ स्टेशन की सफाई शुरू की। इससे हंगामे के दौरान फैलाई गई गंदगी कुछ ही देर में साफ हो गई। सफाई करने में पुराने व नए कर्मचारी भी शामिल रहे। सभी यूनिफॉर्म में नजर आए। इतने कर्मचारी देखकर स्टेशन स्टाफ भी हैरान रह गया। नई व्यवस्था का असर नजर आया और दोपहर तक स्टेशन पर साफ-सुथरा नजर आने लगा।

दो जेट और चार राइड-ऑन से सफाई

कंपनी के सुपरवाइजर के अनुसार अब रोजाना इसी तरह सफाई होगी। संसाधन और बढ़ाए जा रहे हैं। पहले दो राइड-ऑन मशीनें थीं, अब चार से सफाई होगी। शनिवार को दो नई राइड-ऑन मशीनें आ गई हैं। एक-दो दिन में बाकी दो भी आ जाएंगी। रेलवे ट्रैक धोलने के लिए दो जेट मशीनें व अन्य उपकरणों की सफाई के लिए नया वैक्युम क्लीनर भी मंगवाया है।

By parshv