रतलाम । राष्ट्रसन्त जैनाचार्य श्रीमद् विजय जयन्तसेन सूरीश्वरजी महाराज आदि मुनिमण्डल, साध्वीवृन्द का चातुर्मास इस वर्ष नवोदित तीर्थ श्रीजयन्तसेन धाम सागोद रोड रतलाम पर 10 जुलाई से होने जा रहा है। नगर के सभी जैन श्रीसंघों की सहभागिता के लिए श्रीसंघ प्रमुखों, संगठनों व मण्डलों की बैठक चातुर्मास आयोजक व विधायक चेतन्य काश्यप की मुख्य उपस्थिति में रखी गई।
बैठक में काश्यप ने कहा कि मेरी दादी स्व. झमकूबाई काश्यप की भावना थी कि राष्ट्रसन्त के रतलाम में चातुर्मास का लाभ मेरे परिवार को मिले। त्रिस्तुतिक जैन श्वेताम्बर श्रीसंघ रतलाम की आज्ञा से चातुर्मास आयोजन का सौभाग्य मिला है। राष्ट्रसन्त का चातुर्मास प्रवेश 10 जुलाई को खैरादीवास स्थित नीमवाला उपाश्रय से सुबह 7.30 बजे चल समारोह के साथ होगा, जो प्रमुख मार्गो से होता हुआ चातुर्मास स्थल श्रीजयन्तसेन धाम पर पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि
समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, विशेष अतिथि केन्द्रीय सामाजिक न्याय, अधिकारिता मंत्री थावरचंद गेहलोत, केन्द्रीय खनन व इस्पात मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर एवं स्कूली शिक्षा एवं जिला प्रभारी मंत्री पारस जैन रहेंगे। अक्टूबर माह में तीन दिवसीय विद्वत सम्मेलन में अभिधान राजेन्द्र कोष पर करीब 350 से 400 विद्वान अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे। बैठक में जैन श्रीसंघों, संगठनों व मण्डलों के प्रमुख पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे। संचालन राजकमल जैन ने तथा आभार श्रीसंघ रतलाम अध्यक्ष डॉ. ओसी जैन ने माना।