जापान के भक्त गुरुवार को जयंतसेन धाम पहुंचे और राष्ट्रसंत जयंतसेन सूरीश्वरजी से आशीर्वाद लिया। जापान से टोमोको ओसिरो, उनके बेटे उजे ताइगिरो, शंकरा ताइगिरो व रियोको से राष्ट्र संतश्री ने कुशलक्षेम पूछी। राष्ट्रसंत जापान के 2200 लोगों को शाकाहारी बना चुके हैं। सितंबर में 40 सदस्यीय दल रतलाम आएगा। चातुर्मास आयोजक व विधायक चेतन्य काश्यप ने भक्तों का स्वागत किया। भक्तों को विश्व हिंदू परिषद (गोरक्षा विभाग) के राष्ट्रीय महामंत्री व अभा श्री राजेंद्र जैन नवयुवक परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र भंडारी लेकर आए।

जयंतसेन धाम में मनी राष्ट्र गौरवश्री गांधी की 153वीं जयंती- शिकागो में 1893 में आयोजित विश्व धर्म संसद में जैन धर्म की पताका फहराने वाले राष्ट्र गौरव वीरचंद्र राघवजी गांधी की 153वीं जयंती मनाई गई। अखिल भारतीय श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक युवक महासंघ द्वारा राष्ट्र गौरवश्री गांधी पर प्रकाशित पुस्तक एवं पोस्टरों का विमोचन किया। राष्ट्रसंतश्री ने कहा वीरचंद राघवजी गांधी जैन धर्म के प्रकांड विद्वान थे। उन्होंने शिकागो की विश्व धर्म संसद में जैन धर्म की समग्र विशिष्टताओं को प्रस्तुत कर सभी लोगों को धर्म का महत्व समझाया। भगवान महावीर के सिद्धांतों को उन्होंने विश्व के सामने प्रस्तुत कर सबको जैन धर्म और जिनवाणी के प्रति आकर्षित किया। उनकी जयंती पर ऐसा संकल्प लें कि उनके जैसा ही व्यक्तित्व फिर उत्पन्न हो जो जैन धर्म की पताका को फहराकर सर्वत्र इसका प्रसार करे। काश्यप ने कहा शिकागो में हुई विश्व धर्म संसद में भारत से 8 लोग गए थे, उनमें सनातन धर्म का प्रतिनिधित्व स्वामी विवेकानंद और जैन धर्म का प्रतिनिधित्व वीरचंद राघवजी गांधी ने किया था। वीरचंदजी देश के पहले जैन ग्रेजुएट और बैरिस्टर हुए। उन्होंने समाज हित के कई कार्य किए। समाज में ऐसी कई विभूतियां हुई जिन्होंने जैन धर्म का गौरव बढ़ाया है। अखिल भारतीय श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक युवक महासंघ द्वारा गांधी पर केंद्रित पुस्तक एवं पोस्टर का विमोचन कराया गया। महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौरभ भंडारी व अन्य ने राष्ट्रसंतश्री की निश्रा में काश्यप का सम्मान किया।

राष्ट्रसंतश्री की आज्ञानुर्वतनी स्नेहलताश्रीजी की सुशिष्या रतलाम की गौरवश्री तत्वलताश्रीजी का अवतरण दिवस गुरुवार को जयंतसेन धाम में उत्साह व उल्लास के साथ मनाया गया। साध्वीश्री के सांसारिक पिता मोतीलाल भटेवरा ने राष्ट्रसंतश्री से आशीर्वाद लिया। पंकज चौपड़ा (खाचरौदवाला) ने साध्वीश्री के संयम जीवन पर प्रकाश डाला। इस मौके पर भटेवरा परिवार द्वारा गुरुपूजन किया गया। महिदपुर श्रीसंघ के अध्यक्ष वर्धमान गादिया के नेतृत्व में दो बसों से संघ रतलाम आया और राष्ट्रसंतश्री के दर्शन-वंदन कर आशीर्वाद लिया। रतलाम श्रीसंघ की ओर से सुशील छाजेड़ व नवयुवक परिषद के अध्यक्ष पंकज राठौड़ ने श्री गादिया का बहुमान किया। राष्ट्रसंतश्री के सांसारिक भाई पोपटभाई धरु भी रतलाम आए, उनका श्रीसंघ की ओर से राष्ट्रीय महामंत्री सुरेंद्र लोढ़ा व छाजेड़ ने सम्मान किया। दादा गुरुदेव की आरती का लाभ शांताबाई मोतीलाल भटेवरा परिवार ने लिया।

हम दूसरों की अच्छाई पलभर में भूल जाते है। लेकिन बुराई, दोष जिंदगीभर याद रहते हैं। अच्छे गुण देखते ही ग्रहण कर लो। अवगुण दिखते ही दर्पण बन जाओ। यह बात मोक्ष दर्शन के शिष्य आगमर|जी ने आराधना भवन में प्रवचन के दौरान कही। विजय कुमार लुनिया ने बताया रात्रि प्रवचन 8.30 बजे होगा। रविवार को बाल संस्कार शिविर होगा।

By parshv