सबसे साफ स्कूल एवं कॉलेज पुरस्कृत होंगे। 15 अक्टूबर को सफाई अभियान चलेगा। इसमें शहर के 500 स्कूल और कॉलेज में एक साथ सफाई होगी। एक महीने बाद टीमें स्कूलों में पहुंचेंगी और सफाई देखेगी। जो सबसे साफ परिसर मिलेगा उसे पुरस्कृत किया जाएगा।

यह स्वच्छता अभियान रतलाम स्वच्छता अभियान समिति की ओर से चलाया जाएगा। 15 अक्टूबर को सभी स्कूल और कॉलेज में सुबह 8 बजे से एक साथ सफाई होगी। स्टूडेंट, टीचर और स्टाफ मिलकर सफाई करेगा। 20 से 30 नंवबर के बीच 50 टीमें स्कूलों का निरीक्षण करेंगी। 10 बिंदुओं पर मूल्यांकन किया जाएगा। प्रत्येक बिंदु के 10-10 अंक दिए जाएंगे। सबसे ज्यादा नंबर लाने वाले स्कूल और कॉलेज को पुरस्कृत किया जाएगा। पांच स्तर पर पुरस्कार दिए जाएंगे। कॉलेज स्तर, सरकारी स्कूल स्तर, संस्थागत स्तर, निजी स्कूल और ग्रामीण स्तर पर पुरस्कार दिए जाएंगे।

तैयारी के संबंध में स्कूल प्राचार्यों की हुई बैठक-तैयारी के संबंध में शुक्रवार को आरएमएसए कार्यालय समिति की बैठक हुई। इसमें स्कूल के प्राचार्य सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हुए। समिति के अनोखीलाल कटारिया ने बताया भारत स्वच्छता मिशन में बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए सफाई अभियान रखा गया है। इसमें ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित होना चाहिए। स्कूल और कॉलेज के आसपास रहने वाले लोगों को भी इसमें सहभागिता करना चाहिए और बच्चों का उत्साह बढ़ाना चाहिए। उत्कृष्ट स्कूल में भी तैयारी के संबंध में बैठक हुई। डीईओ अनिल वर्मा, स्कूल के प्राचार्य प्रदीप कुरील, प्रदीप मूणत, अशोक लोढ़ा, राधावल्लभ खंडेलवाल, विनोद मूणत, महिपाल सिंह वाघेला, विशाल शर्मा आदि मौजूद थे।

ऐसे होगा सफाई का मूल्यांकन

डस्टबिन, साफ पानी, स्वच्छ सुविधाघर, साफ खेल परिसर, क्लासरूम की सफाई, रंगाई और पुताई, सफाई के संसाधन हैं या नहीं, पुस्तकालय, प्रयोगशाला एवं स्टाफ रूम की सफाई की स्थिति, स्टूडेंट की ड्रेस, बाल, नाखून की स्थिति, स्टाफ यूनिफार्म की स्थिति आदि।

By parshv