ई-रिक्शा चलाकर महिलाओं को संबल देने की जागृत नारी जनहितार्थ समिति की पहल ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। जिंदगी की जंग लड़ने के लिए मंगलवार को 61 वर्षीय हुजूर बेगम ने ई-रिक्शा चलाने की ट्रेनिंग लेने के लिए हैंडल थामा। पंजीकृत के अलावा 6 और महिलाओं ने समिति से संपर्क किया। इस तरह ई-रिक्शा चलाने की ट्रेनिंग लेने वाली महिलाओं की संख्या 28 हो गई है।
सैलाना रोड स्थित अंजनीधाम में मंगलवार को शाम 4 से 6 बजे के बीच महिलाओं को ई-रिक्शा चलाने की ट्रेनिंग दी गई। अजीबो-गरीब स्थिति तब बन गई जब महावीर नगर निवासी 61 वर्षीय हुजूर बेगम ट्रेनिंग लेने पहुंची। वार्ड 8 की पार्षद पूर्व एमआईसी सदस्य और समिति अध्यक्ष सीमा टांक ने उम्र देखकर इसका कारण पूछा तो उन्होंने पारिवारिक परेशानी बताते हुए कहा जिंदगी की जंग अभी बाकी है। इस पर टांक ने उनका हौंसला बढ़ाया और ट्रेनिंग दिलवाई। जागृत नारी जनहितार्थ समिति ने आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं की मदद के लिए सोमवार से ई-रिक्शा चलाने का प्रशिक्षण देने की शुरुआत की है। सोमवार को ट्रेनिंग लेने वाली महिलाओं की संख्या 22 थी। टांक ने बताया मंगलवार को कस्तूरबा नगर, अलकापुरी, राजीवनगर, महावीरनगर सहित अन्य इलाकों की 6 महिलाओं ने हेल्पलाइन नंबर 94251-04463 पर संपर्क किया है। महिलाओं की संख्या बढ़ने पर प्रशिक्षण के लिए एक ई-रिक्शा और किराये पर लेंगे।