दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में हुई मुठभेड़ में हिज्बुल मुजाहिदीन का एक आतंकी मारा गया जबकि सेना के दो जवान घायल हो गए। पुलिस ने आज यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘विशेष खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू किया था जिसके दौरान शोपियां के वानगम में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।’’ गोलीबारी में एक आतंकी मारा गया। उसकी पहचान शोपियां के छत्रीपुरा में रहने वाले हिज्बुल मुजाहिदीन के आतुंकी सदम हुसैन मीर के रूप में की गई है। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में सेना के दो जवान भी घायल हुए हैं। सुरक्षा बलों को एक राइफल, एके 47 की पांच मैगजीन, एके 47 की 119 गोलियां और एक हथगोला बरामद हुआ है। मुठभेड़ में सुरक्षा बलों के दो जवान भी घायल हो गए।
3 महीने पहले ही हिजबुल का सदस्य बना आतंकी सद्दाम
मारे गए आतंकवादी की पहचान जिले के चेत्रिपोरा निवासी सद्दाम हुसैन मीर के तौर पर की गई है। वह तीन महीने पहले ही हिजबुल का सदस्य बना था। उसके पास से एक एके रायफल और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं। गौरतलब है कि पिछले 48 घंटे के दौरान दक्षिणी कश्मीर में सुरक्षा बलों की आतंकवादियों के साथ यह दूसरी मुठभेड़ है। गत पांच नवंबर को भी जिले में एक मुठभेड़ में हिजबुल का एक आतंकवादी मारा गया था और सेना का एक जवान घायल हुआ था।