किसानों का कर्ज माफ करें, बिजली दर कम की जाए, किसानों को जो बढ़े हुए बिल दिए वो वापस लिए जाए जैसी अनेक मांगों को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेसी शुक्रवार सुबह 11 बजे कोर्ट चौराहे पर इकट्ठा और हुए और मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। यहां से कांग्रेसी कलेक्टोरेट पहुंचे और एसडीएम सुनील झा को ज्ञापन सौंपा।

जिला कांग्रेस की तरफ से ज्ञापन का वाचन ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष जगदीश पाटीदार ने किया तो शहर कांग्रेस की ओर से अध्यक्ष विनोद मिश्रा ने। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रभु राठौर, निगम नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी, उप ब्लॉक अध्यक्ष विजय चौहान, शेरू पठान, जोएब आरिफ, अरविंद सोनी, इक्का बेलूत, सुजीत उपाध्याय, राजीव रावत, शांतिलाल वर्मा, शांतू गवली आदि मौजूद थे।

ये मांगें भी रखी

  • स्कूल-कॉलेज की फीस कम करें।
  • कैश ट्रांजेक्शन शुल्क हटाया जाए।
  • शराब की दुकानें स्कूल, मंदिर के पास नहीं लगने दी जाए।
  • प्रदेश सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर लगाया जा रहा वैट हटाया जाए।
  • गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाए जाए और बोनस भी बढ़ाया जाए।
  • किसानों से 30 मार्च तक बिजली नहीं भरने पर सरचार्ज नहीं वसूला जाए। क्योंकि बिजली बिल भरने की आखिरी तारीख 30 अप्रैल है।

नाराज कांग्रेसी नहीं पहुंचे – उप ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद नाराज कांग्रेस नेता सहित उनसे जुड़े कांग्रेसी इसमें शामिल नहीं हुए।