आल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन की मंगलवार सुबह से शुरू हुई भूख हड़ताल में रात को अलग ही नजारा देखने को मिला। स्टाफ एक शादी में तो शामिल हुआ लेकिन खाना खाए बगैर लौट आया।

अमृत गार्डन में पूर्व मुख्य चालक दल नियंत्रक (सीटीसीसी) संजय सोलंकी के बेटे की शादी थी। अमृत गार्डन में हुए कार्यक्रम में सारा रनिंग स्टाफ पहुंचा लेकिन भूख हड़ताल के चलते किसी ने भोजन नहीं किया। सांकेतिक रूप से उपस्थित रहकर वर-वधू को आशीर्वाद दिया। इतना ही नहीं मंगलवार को रनिंग रूम में भी भोजन नहीं बना। इससे रनिंग स्टाफ के कर्मचारियों को भूखे रहकर या वैकल्पिक इंतजाम कर काम चलाना पड़ा। उधर डीजल शेड स्थित रनिंग ट्रेनिंग सेंटर के प्रशिक्षणार्थियों ने समर्थन देकर खाना नहीं खाया। आठ विभिन्न मांगों को लेकर रनिंग स्टाफ 36 घंटे की हड़ताल पर चला गया है। मंगलवार सुबह 8 बजे से स्टाफ ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर भूख हड़ताल शुरू की। यह बुधवार रात 8 बजे तक चलेगी। हड़ताल को वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन और वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ ने भी समर्थन दे दिया है। मंगलवार को वेरेएयू के मंडल अध्यक्ष मनोहर पचौरी और मंडल मंत्री एसबी श्रीवास्तव तथा वेरेमसं के मंडल मंत्री बी.के. गर्ग, आरएमएस यूनियन के एच.एन. जोशी, इंटक कौंसिल के अरविंद सोनी सहित अन्य मांगों को जायज बताते हुए रनिंग स्टाफ का कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने का आश्वासन दिया। हड़ताल पर एसोसिएशन अध्यक्ष प्रकाश परमार, आरसी मीणा, लूणाराम सियाग, जफरूल हसन, आलोक बंसल, बीके लौहार, जेके वर्मा, सुरेश टांक, सचिन वेद आदि बैठे।