बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता विनोद खन्ना के पार्थिव शरीर को वर्ली श्मशान घाट में मुखाग्न‍ि दी गई और इस तरह से बॉलीवुड का सशक्त हैंडसम विलेन पंचतत्व में विलीन हो गया.

बॉलीवुड के कई बड़े सेलेब्स भी यहां पर पहुंचने लगे हैं. अमिताभ बच्चन, अभि‍षेक बच्चन, ऋषि कपूर, रणधीर कपूर, कबीर बेदी, दिया मिर्जा और उनके पति पहुंचे. इसी के साथ उनके बेटे अक्षय खन्ना भी वहां नजर आए लेकिन वह बिलुकल भी पहचान में नहीं आ रहे थे.

दरअसल 70 साल के विनोद खन्ना का गुरुवार को निधन हो गया. पिछले ढाई महीने से विनोद का गिरगांव के एचएन रिलायंस फाउंडेशन एंड रिसर्च सेंटर में इलाज चल रहा था. विनोद खन्ना के पार्थिव शरीर को मालाबार हिल स्थित उनके घर पर रखा गया था.

विनोद खन्ना के निधन की खबर से पूरा बॉलीवुड शोक में डूबा है. जब अमिताभ बच्चन ने विनोद खन्ना के निधन की खबर सुनी तो शॉक्ड हो गए और तुरंत सारा काम बंद कर दिया. अमिताभ बच्चन आजकल अपनी फिल्म ‘सरकार 3’ का प्रमोशन कर रहे हैं. इस सिलसिले में वो मुंबई में प्रमोशनल शूट कर रहे थे. इस दौरान विनोद खन्ना के निधन की खबर आई और उन तक पहुंची तो वो सकते में आ गए.