पिछले मैच में धमाकेदार जीत के साथ आइपीएल प्लेऑफ में जगह बना चुकी कोलकाता नाइट राइडर्स मंगलवार को किंग्स इलेवन पंजाब से भिड़ेगी। पंजाब के लिए यह मैच सम्मान बचाने की लड़ाई है तो वहीं केकेआर का इरादा टॉप पर पहुंचने का होगा। रविवार को आरसीबी के साथ खेले मैच में केकेआर ने शानदार जीत दर्ज की थी। लगातार दो मैच हारने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हराया।

गौतम गंभीर की अगुआई वाली टीम अब 12 मैचों में 16 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। अब वे किंग्स इलेवन पंजाब को हरा कर अपनी स्थिति पुख्ता करने के इरादे से उतरेंगे। पंजाब को पिछले मैच में गुजरात लायंस ने छह विकेट से हराया। केकेआर ने रविवार को दिखा दिया कि वह आइपीएल की सबसे मजबूत टीमों में से क्यों हैं। जीत के लिए 159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर ने छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 105 रन बना लिये थे, जो आइपीएल में पावरप्ले में रेकॉर्ड स्कोर है।

तूफानी फॉर्म में हैं सुनील और लिन
केकेआर ने 29 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया. सुनील नारायण ने 17 गेंद में 54 रन बनाए। उन्होंने 15 गेंद में आइपीएल के सबसे तेज अर्धशतक का रेकॉर्ड संयुक्त रूप से अपने नाम किया। मैच के बाद गंभीर ने कहा कि छह ओवर में 105 रन अविश्वसनीय है और उन्होंने अपने पूरे करियर में ऐसी साझेदारी नहीं देखी।

बल्लेबाजी है केकेआर की ताकत
केकेआर का अपनी बल्लेबाजी पर फोकस होगा। नारायण के फॉर्म में रहने पर गंभीर और रॉबिन उथप्पा ने अच्छी शुरुआत का पूरा फायदा उठाया है। उनके अलावा बाकी बल्लेबाजों को भी बल्ले से योगदान देना होगा। नारायण ने केकेआर के 12 में से नौ मैच में पारी की शुरुआत करके अब तक 194 रन बनाये हैं। केकेआर के अन्य बल्लेबाजों कोलिन डे ग्रांडहोमे, मनीष पांडे और यूसुफ पठान को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। उमेश यादव, क्रिस वोक्स और नारायण पर गेंदबाजी में पूरा दारोमदार होगा जिनका साथ देने के लिये अंकित राजपूत और पीयूष चावला हैं।

दूसरी ओर ग्लेन मैक्सवेल की अगुवाई वाली पंजाब टीम 11 में से सिर्फ पांच मैच जीत सकी है और 10 अंक लेकर पांचवें स्थान पर है। उसे नॉकआउट में प्रवेश की उम्मीदें बरकरार रखने के लिये बाकी तीन मैच जीतने होंगे। हाशिम अमला के शतक की मदद से तीन विकेट पर 189 रन बनाने के बावजूद पंजाब की टीम गुजरात से हार गयी।