प्रमुख सचिव परिवहन व जेल एस.एन. मिश्र ने शनिवार को जिले के खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। वे शाम को अनाज मंडी स्थित खरीदी केंद्र पहुंचे। उन्होंने किसानों से पूछा कि आपको कोई समस्या तो नहीं है। खरीदी का भुगतान समय पर हो रहा है या नहीं।
उन्होंने प्याज खरीदी में रिकॉर्ड कीपिंग की व्यवस्थाओं को भी देखा। अब तक खरीदी गई प्याज, 30 जून तक खरीदी जाने वाली प्याज, अब तक हुए भुगतान, भुगतान की शेष राशि, संभावित भुगतान की राशि की पड़ताल की। मंडी निरीक्षण के दौरान वे एक तौल कांटे पर रुके। तीन क्विंटल के इस तौल कांटे की जांच के लिए उन्होंने परिसर में बिखरा पड़ा एक प्याज उठाया और तौल कांटे पर रखा। इस पर तौल कांटे ने 100 ग्राम वजन बताया। इसके बाद दूसरा प्याज रखा तो तौल कांटे का वजन 150 ग्राम हो गया। इस पर तौल कांटा ओके बताया। एडीएम डॉ. कैलाश बुंदेला ने बताया तौल कांटे कृषि उपज मंडियों के ही उपयोग में लिए जा रहे हैं।
प्रमुख सचिव ने किसानों से अपनी समस्या निःसंकोच होकर बताने का आग्रह किया। उन्होंने किसानों को बताया कि शासन के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि के रूप में पता करने के लिए आए हैं कि किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की समस्याओं का सामान तो नहीं करना पड़ रहा है। कलेक्टर तन्वी सुन्द्रियाल, एसडीएम नेहा भारतीय भी मौजूद थीं।
आज नहीं होगी प्याज की सरकारी खरीदी
रविवार को प्याज की सरकारी खरीदी नहीं होगी। एडीएम ने बताया प्याज की आवक ज्यादा है और भंडारण की क्षमता कम है। इससे 25 जून को खरीदी नहीं होगी। 25 जून के टोकन वालों की खरीदी 1 जुलाई को होगी।