जानीमानी महिला पहलवान साक्षी मलिक और विनेश फोगाट ने अगले महीने पेरिस में होने वाली विश्व कुश्ती प्रतियोगिता के लिए भारतीय दल में जगह बना ली है।

टीम का चयन भारतीय कुश्ती संघ ने सभी वर्ग श्रेणियों में चयन ट्रायल के बाद लखनऊ में किया। 58 किग्रा वर्ग में रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी, जिन्होंने मई में एशियाई प्रतियोगिता में 60 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता था, अब इसी वर्ग श्रेणी में मुकाबला लड़ेंगी।

एशियाई प्रतियोगिता में रजत जीतने वाली दूसरी महिला पहलवान विनेश फोगाट 48 किलोग्राम वर्ग में रहेंगी। हालांकि विनेश ने एशियाई प्रतियोगिता में 55 किलोग्राम वर्ग में भाग लिया था, क्योंकि वह चोट से उबरने के बाद टूर्नामेंट में शामिल हुई थीं।

शुक्रवार को उन्होंने 48 किलोग्राम वर्ग को वरीयता देकर आसानी से इसके लिए क्वालीफाई कर लिया। उनके अलावा फोगाट बहनों में कोई और इस प्रतियोगिता में भारतीय दल का हिस्सा नहीं होंगी। ज्यादा चर्चित गीता और बबीता ने प्रतियोगिता के लिए ट्रायल में ही हिस्सा नहीं लिया, जबकि छोटी बहनें, रितु और संगीता क्वालीफाई करने में नाकाम रहीं।

विश्व प्रतियोगिता के लिए दल में जगह बनाने वाली अन्य पहलवानों में शीतल (53 किग्रा), ललिता (55 किग्रा), पूजा डांढा (58 किग्रा), शिल्पी (63 किग्रा), नवजोत कौर (69 किग्रा) और पूजा (75 किग्रा) शामिल हैं।