मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ईद भाईचारे, आत्मीयता, प्रेम और स्नेह का पर्व है, जो इंसान और इंसान में कोई भेद नहीं रखने का संदेश देता है। श्री चौहान आज भोपाल उत्सव समिति द्वारा आयोजित ईद मिलन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल गौर, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री रूस्तम सिंह, सहकारिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री विश्वास सारंग भी मौजूद थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान को प्रथम स्वर्गीय श्री रमेश चन्द्र अग्रवाल सम्मान वर्ष 2017 से सम्मानित किया गया। बताया गया कि पुरस्कार प्रति वर्ष सामाजिक सौहार्द्र और पर्यावरण जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिये दिया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भोपाल की सदभाव और सौहार्द्र की गौरवशाली परम्परा को बनाये रखने के दिशा में कार्यक्रम सार्थक पहल है। इस पहल के लिये स्वर्गीय श्री रमेशचन्द्र अग्रवाल का स्मरण करते हुये कहा कि वे गंगा – जमुनी संस्कृति के प्रतीक थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल की पहचान और गौरवशाली परम्पराओं को आगे बढ़ाने में स्वर्गीय श्री अग्रवाल का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने जीवन के हर क्षेत्र में सेवा कार्य की मिसाल कायम की। वह सामाजिक सेवा के कार्यों के साथ ही पीड़ित मानवता के सेवाधर्म का पालन पूर्ण समर्पण से करते थे। प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों में उनकी गहरी अभिरूचि थी। पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न विषयों पर भी जनजागृति का कार्य किया। श्री चौहान ने नागरिकों का आव्हान किया कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग हों। यदि समय रहते जल और वृक्षों का संरक्षण संवर्द्धन नहीं किया तो मानवता के समक्ष अस्तित्व का प्रश्न खड़ा हो जायेगा।

कार्यक्रम को शहर काजी मौलाना मुश्ताक अली नक़वी, आर्कबिशप लियो कार्नेलियो, ज्ञानी गुरूचरण सिंह और महंत चन्द्रमादास त्यागी ने भी संबोधित किया। स्वर्गीय श्री रमेशचन्द्र अग्रवाल का स्मरण किया। सदभाव और सौहार्द्र का संदेश दिया।

भोपाल उत्सव समिति के अध्यक्ष श्री मनमोहन अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम आयोजन की परम्परा स्वर्गीय श्री रमेशचन्द्र अग्रवाल के प्रयासों से हुई। मेला समिति के अध्यक्ष श्री संतोष अग्रवाल ने समिति द्वारा विगत पाँच वर्षों में किये गये समाज सेवा के कार्यों का विवरण दिया। उपाध्यक्ष श्री सुधीर अग्रवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। आभार ज्ञापन श्री आरिफ हसन ने किया।