प्याज की सरकारी खरीदी पूरी हो गई है। अब नीलामी होना है। नीलामी की लेटलतीफी के चलते अनाज मंडी रखा प्याज सड़ना शुरू हो गया है। नीलामी के पूर्व प्रशासन इसकी छंटनी करा रहा है। इसमें 80 हम्माल लगाए हैं जो अच्छा प्याज अलग रख रहे हैं और खराब और सड़ा प्याज निकाल रहे हैं। चार दिन से छंटाई चल रही है और इसमें अभी तक दो लाख रुपए खर्च हो चुके हैं। बुधवार को प्याज की नीलामी की जाएगी।
50 हजार क्विंटल माल रखा है शेड में- सरकारी खरीद की डेडलाइन 30 जून थी। छुट्टियों को देखते हुए दो दिन डेडलाइन बढ़ा दी थी। खरीदी 2 जुलाई को ही पूरी हो गई है। अब तक प्याज की नीलामी नहीं हो पाई। इससे अनाज मंडी में अभी भी 50 हजार क्विंटल माल रखा हुआ है।
छंटाई में आ रही है दिक्कत
प्याज की छंटाई के लिए भले ही 80 हम्माल लगाए हैं लेकिन छंटाई में दिक्कत आ रही है। कारण प्याज का जल्दी सड़ना है। आज प्याज की छंटाई करने के बाद दूसरे दिन खराब हो जाता है। इससे दूसरे दिन फिर छंटाई करना पड़ती है ऐसे में प्रशासन को बार-बार छंटाई करना पड़ रही है।
मंडी जल्द शुरू की जाए
इधर व्यापारियों ने जल्द मंडी शुरू करने की मांग की है। व्यापारी प्रतिनिधि मनोज जैन ने बताया प्याज की सरकारी खरीदी से 41 दिन से मंडी बंद है। इससे व्यापारियों को नुकसान हो रहा है। छोटे व्यापारी तो बेकार ही हो गए हैं। वहीं हम्माल और तुलावटियों का भी यह हाल है। ऐसे में मंडी प्रशासन जल्द मंडी शुरू करे ताकि आर्थिक नुकसान ना हो।