भोपाल: मध्यप्रदेश सरकार ने वीरवार को बड़ी प्रशासनिक सर्जरी करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पांच दर्जन से अधिक पुलिस अधिकारियों के तबादले किए, जिसमें लगभग दो दर्जन जिलों के पुलिस अधीक्षक भी प्रभावित हुए हैं।

मध्यप्रदेश सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की वरिष्ठ अधिकारी कल्पना श्रीवास्तव को पंजीयन महानिरीक्षक व अधीक्षक मुद्रांक मध्यप्रदेश के पद पर पदस्थ किया है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार ने बुधवार की देर रात एक दर्जन से अधिक आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की। इसके अनुसार अभी तक तकनीकी शिक्षा व कौशल विकास विभाग के प्रमुख सचिव पद की जिम्मेदारी निभा रहीं कल्पना श्रीवास्तव को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। सूत्रों ने कहा कि पदस्थापना के लिए प्रतीक्षारत संजय बंदोपाध्याय को तकनीकी शिक्षा व कौशल विकास विभाग में प्रमुख सचिव बनाया गया है।

अनुसूचित जाति कल्याण आयुक्त दीपाली रस्तोगी को उद्योग विभाग में आयुक्त व लघु उद्योग निगम में प्रबंध संचालक बनाया गया है। वे अनुसूचित जाति कल्याण आयुक्त अनुसूचित जनजाति कल्याण आयुक्त का भी प्रभार संभालेंगी। पंजीयन महानिरीक्षक व अधीक्षक मुद्रांक तथा वाणिज्यिक कर विभाग के पदेन सचिव शिवशेखर शुक्ला को चिकित्सा शिक्षा आयुक्त पदस्थ किया गया है। सहकारी संस्थाओं के आयुक्त सह पंजीयक कवींद्र कियावत को लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में सचिव बनाया गया है। पदस्थापना के लिए प्रतीक्षारत पी नरहरि को राजस्व विभाग में सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

राज्य मंत्रालय में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी आशुतोष अवस्थी को सहकारी संस्थाओं का आयुक्त सह पंजीयक पदस्थ किया गया है। वे राज्य सहकारी तिलहन उत्पादक संघ के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त दायित्व भी निभाएंगे।

पदस्थापना के लिए प्रतीक्षारत एक अन्य अधिकारी बी चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री सचिवालय में अपर सचिव पदस्थ किया गया है। सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग के अपर सचिव पन्नालाल सोलंकी को श्योपुर कलेक्टर पद की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। कलेक्टर श्योपुर अभिजीत अग्रवाल को राज्य मंत्रालय भोपाल में उप सचिव पदस्थ किया गया है। इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राकेश सिंह को आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएं को संचालक बनाया गया है।

पदस्थापना के लिए प्रतीक्षारत एक अन्य अधिकारी सपना निगम को भिंड जिला पंचायत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। डिंडोरी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित सिंह को छिंदवाडा जिला पंचायत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी पदस्थ किया गया है।

सूत्रों ने कहा कि रीवा के अपर कलेक्टर डॉ श्रीकांत पांडेय को मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड भोपाल में अपर प्रबंध संचालक बनाया गया है। मैप आईटी भोपाल में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी चंद्रशेखर वालिम्बे को भू संपदा विनियामक प्राधिकरण (रैरा) में सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है।