प्याज की सरकारी खरीदी के बाद सड़ा हुआ प्याज मंडी के पीछे ही फेंक दिया। यह 100 और 200 क्विंटल नहीं बल्कि 8 हजार क्विंटल है। मंडी परिसर में रखा सड़ा प्याज कब उठेगा और इसे कौन सा विभाग उठाएगा, यह अभी तय नहीं है। इससे मंडी में बदबू आ रही है और किसान, हम्माल, व्यापारी, तुलावटी सहित सभी परेशान हो रहे हैं। अभी लगातार बारिश का दौर चल रहा है। जैसे ही बारिश रुकेगी और धूप निकलेगी तो बदबू और बढ़ेगी और तौल भी मुश्किल हो जाएगा। मास्क पहनकर नीलामी करना पड़ेगी।

प्याज की सरकारी खरीदी 6 जून से शुरू हुई थी और 2 जुलाई को पूरी हो गई है। 20 दिन बाद भी मंडी के शेड के प्याज में रखा है। मंडी प्रशासन ने दो बार नीलामी की। इसके बाद छंटाई में 8 हजार क्विंटल प्याज सड़ा निकला है। यह मंडी परिसर में ही पीछे की तरफ फेंक दिया। प्याज की खरीदी जिला विपणन संघ ने की और इसे नागरिक आपूर्ति निगम ने बेचा। वहीं अनाज मंडी ने सरकारी खरीदी में तौल, पानी सहित अन्य व्यवस्था की थी। प्याज की खरीदी से तीन विभाग जुड़े रहे। सड़ा हुआ प्याज कौन सा विभाग बेचेगा, यह तय नहीं हो पाया है। प्याज की खरीदी पूरी होने के बाद भी प्याज को फेंकने की कोई व्यवस्था नहीं हो पाई। प्याज मंडी परिसर में रखा है और दिनभर बदबू आ रही है।

सड़े प्याज की बदबू से व्यापारी परेशान हैं। व्यापारियों ने यह बात व्यापारी प्रतिनिधि मनोज जैन को बताई। उन्होंने मंडी सचिव से मुलाकात कर जल्द प्याज उठाने की मांग की है। जैन ने बताया बताया मंडी परिसर में सड़ा प्याज फेंक दिया है। बदबू आ रही है। सचिव से प्याज हटाने का बोला है। एक-दो दिन में प्याज हटाने का आश्वासन दिया है। जल्द प्याज नहीं हटाया तो बीमारी फैल सकती है।