धानमंडी में बुधवार शाम करीब 7.30 बजे होम अप्लायंसेस की दुकान में आग लग गई। आग फैलकर पीछे गोदाम तक पहुंची और लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की घटना बैटरी में स्पार्किंग से शुरू हुई। फायर ब्रिगेड ने तीन लॉरी पानी से रात 10 बजे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

आग लगने की घटना कांग्रेस नेता खाद-बीज व्यवसायी नरेंद्र अग्रवाल के चचेरे भाई गिरीश अग्रवाल की दुकान अग्रवाल कृषि सेवा केंद्र तथा अग्रसेन मार्केटिंग में हुई। व्यवसायी नरेंद्र ने बताया चचेरे भाई गिरीश और उनका बेटा शलभ दुकान पर थे।

शाम करीब 7 बजे घर लौटते वक्त दरवाजे बंद कर रहे थे तभी बैटरी में स्पार्किंग होने से आग लगी। तुरंत पानी डालकर आग बुझाई और ताला लगाकर चले गए। पड़ोस में अपनी दुकान पर बैठे नरेंद्र अग्रवाल ने शाम करीब 7.30 बजे दुकान से धुआं निकलता देखा तो भाई गिरीश को बुलवाकर ताला खुलवाया। अंदर आग फैल चुकी थी। नरेंद्र ने पुलिस, फायर ब्रिगेड और दोस्तों को फोन पर जानकारी दी। धुआं फैलता देख आस-पास के लोग भी आ गए और आग बुझाना शुरू कर दी।

दोस्त विजयसिंह चौहान पार्षद चंद्रप्रकाश पुरोहित ने गोदाम की छत के पतरे हटाए तब तक आग पीछे तक फैल गई थी। सूचना मिलने पर नगर निगम से फायर लॉरी भी पहुंच गई थी। तीन फायर लॉरियों की मदद से रात करीब 10 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका।

आग लगने की जानकारी मिलने पर ट्रैफिक थाना प्रभारी दीपेंद्रसिंह कुशवाह, माणकचौक थाना प्रभारी नरेंद्र यादव तथा फायर ब्रिगेड प्रभारी ए.पी. सिंह मौके पर पहुंच गए थे।

सोमवार को माल आया था
व्यवसायी अग्रवाल ने बताया सीजन को देखते हुए उन्होंने हाल ही में एलईडी टीवी, फ्रीज, वाशिंग मशीन, पंखे, माइक्रोवेव ओवन तथा होम अप्लायंसेस का सामान मंगवाया था। सोमवार को ही ट्रक सामान खाली कर गया था और बुधवार को यह घटना हो गई।