प्रदेश के मुख्य सचिव श्री बी.पी. सिंह ने आज शाम तहसील कार्यालय जबलपुर स्थित अनुविभागीय राजस्व अधिकारी न्यायालय एवं तहसीलदार न्यायालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ प्रमुख सचिव राजस्व श्री अरूण कुमार पाण्डे तथा कमिश्नर श्री गुलशन बामरा भी थे।
मुख्य सचिव श्री सिंह ने अनुविभागीय राजस्व अधिकारी न्यायालय तथा तहसीलदार न्यायालय में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं की पड़ताल की। उन्होंने उक्त न्यायालयों में दर्ज प्रकरणों की संख्या तथा लम्बे समय से लम्बित प्रकरणों के बारे में जानकारी तलब की। श्री सिंह ने पांच प्रकरणों से सम्बन्धित रिकॉर्ड का भी बारीकी से मुआयना किया तथा सम्बन्धित अधिकारियों के न्यायालयीन काम-काज को संतोषजनक माना। मुख्य सचिव ने एसडीओ नम: शिवाय अरजरिया की काबिलियत की तारीफ भी की। साथ ही निर्देश दिए कि पुराने लम्बित प्रकरणों के निराकरण की दिशा में कदम उठाए जाएं। उन्होंने ताकीद की कि बिना जायज वजहों के प्रकरणों के निराकरण में गैरजरूरी देरी से परहेज किया जाए।
श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान डाईवर्सन पंजी का भी अवलोकन किया तथा अर्थदण्ड के सम्बन्ध में भी जानकारी मांगी। मुख्य सचिव ने अर्थदण्ड पंजी के विधिवत् संधारण और बाकायदा वसूली की कार्यवाही को लेकर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार पंकज मिश्रा ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि मार्च माह के अंतिम सप्ताह में लगभग एक करोड़ 82 लाख रूपए की वसूली की गई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कॉज लिस्ट आरसीएमएस से प्राप्त की जाती है। तहसीलदार ने मुख्य सचिव के समक्ष कम्प्यूटर में संधारित विभिन्न तथ्यों और महत्वपूर्ण आंकड़ों की जानकारी भी प्रदर्शित की। वितरित आबादी भूमि के पट्टों के रिकॉर्ड संधारण को लेकर श्री सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्य सचिव श्री सिंह ने तहसीलदार श्री मिश्रा की व्यवस्थित कार्यप्रणाली की प्रशंसा की तथा उनके काम-काज को श्रेष्ठ निरूपित किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने सीएम हैल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने लम्बित प्रकरणों के निराकरण के लिए शीघ्र कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने कहा कि आवश्यक होने पर फोस्र्ड क्लोजिंग की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में गाइड लाइन भेजी गई है। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने तमाम राजस्व अभिलेखों का अवलोकन किया तथा सम्बन्धित अधिकारियों की कार्यप्रणाली को बेहतर बताते हुए उनके द्वारा किए गए नवाचारों को सराहा। उन्होंने अन्य जिलों की तहसीलों की तुलना में जबलपुर तहसील की व्यवस्थाओं और काम-काज को बेहतर बताया। तहसील कार्यालय के निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव श्री सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित राजस्व कार्यालयों का भी मुआयना किया।
इस दौरान प्रमुख सचिव राजस्व श्री पाण्डे ने भी तहसील न्यायालय के प्रकरणों से सम्बन्धित दस्तावेजों का अवलोकन किया और रिकॉर्ड्स की पड़ताल की। मुख्य सचिव के निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत हर्षिका सिंह, उपायुक्त राजस्व निमिषा जायसवाल तथा अन्य अधिकारी मौजूद थे।