सिद्धपीठ कालिकामाता मंदिर परिसर में नवरात्रि मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। 21 से 30 सितंबर तक चलने वाले मेले के लिए माता का दरबार सजने लगा है। झाली तालाब सहित आसपास रंग-रोगन का काम भी जारी है। इससे तालाब की पाल चमकने लगी है। घास की कटाई होने से बगीचों की रंगत भी लौट आई है। मेला क्षेत्र से गंदगी और कीचड़ भी हट चुका है। परिसर रोशन करने के लिए एलईडी लाइट भी लगाई गई हैं। इसके साथ ही झूले वाले और अन्य व्यापारी दुकानों को आकार देने में जुट गए हैं।
41 ब्लॉक की फिर होगी नीलामी
मेला क्षेत्र में इस बार नगर निगम ने 164 ब्लॉक बनाए हैं। शनिवार व रविवार को हुई नीलामी में 123 ब्लॉक आवंटित हो सके हैं। शेष 41 को सूचीबद्ध कर निगम प्रशासन इनकी फिर से नीलामी करने की तैयारी कर रहा है। सोमवार को वाहन पार्किंग स्टैंड के लिए जगह नीलाम की गई। सहायक आयुक्त संदीप मालवीय ने बताया मेला 21 सितंबर को शुरू होगा। उसके पहले सारी व्यवस्थाएं कर ली जाएंगी।
20 तक पूरे कर लेंगे सारे काम
मेले की व्यवस्था पाइंट-टू-पाइंट हो रही है। सफाई व ब्लॉक आवंटन के बाद वाहन स्टैंड नीलामी की प्रक्रिया भी चल रही है। 20 सितंबर तक काम पूरा कर लेंगे। 21 को मेला शुरू होगा। एस. के. सिंह, आयुक्त- नगर निगम
तीन दिन में पूरा नहीं हुआ सफाई का काम
मंदिर परिसर में तीन दिन से सफाई चल रही है। हालांकि अभी बावजूद काम पूरा नहीं हो पाया है। सोमवार को भी प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी ए. पी. सिंह सहित स्वच्छता निरीक्षक व 30 से ज्यादा सफाई संरक्षक मेला परिसर में जुटे रहे। झाली तालाब का म्यूजिकल फाउंटेन चालू हो गया, कोर्ट के सामने बगीचे में स्थित फाउंटेन की सफाई भी हो चुकी है।
सफाई के बाद झाली तालाब के पानी में एलईडी की रोशनी में जगमगाते मंदिर क्षेत्र का प्रतिबिंब हर किसी का ध्यान आकर्षित कर रहा है। फोटो | ओपी मेहता