मुंबई। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने रविवार को कहा कि उनके जीवन की सभी महिलाएं उनके लिए महत्वपूर्ण हैं और उनके लिए यह पुरस्कार प्रदान करना बेहद संतोषजनक है। शाहरुख ने रविवार रात आयोजित वोग विमेन ऑफ द ईयर पुरस्कार समारोह में कहा, ‘‘मेरे जीवन की सभी महिलाएं मेरे लिए महत्वपूर्ण हैं। मेरी मां, पत्नी, बेटी, बहन और मेरे साथ काम करने वाले सभी महिलाएं…सूची बड़ी है क्योंकि मैं 30 साल से काम कर रहा हूं। करीब 20-30 महिलाएं होंगी वह सभी मेरे लिए महत्वपूर्ण हैं।’’ कार्यक्रम में शाहरुख को भी वोग एंटरटेनर ऑफ द डिकेड का पुरस्कार प्रदान किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि महिलाएं महत्वपूर्ण होती हैं इसलिए उन्हें पुरस्कृत करना बहुत ही संतोषजनक और खुशी प्रदान करने वाला है, और यह केवल न कि उस महिला के लिए जिसे पुरस्कार मिला बल्कि उस पुरुष के लिए भी, जिसे वह जीत नहीं सका, जैसे मेरी तरह जो यहां आए और उनके लिए तालियां बजाईं।’’