पुलिस विभाग शहर में 35 पाइंट पर 226 सीसीटीवी कैमरे लगाएगा। केबल के जरिए ये कैमरे कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। इससे कंट्रोल रूम से ही पुलिसकर्मी पूरे शहर की हर गतिविधि पर नजर रख सकेंगे। एसपी अमित सिंह ने गुरुवार को शहर में कैमरे लगाने के लिए चिह्नित स्थानों का निरीक्षण किया। एएसपी, सीएसपी और चारों थाना प्रभारी भी साथ थे।

निर्धारित योजना के अनुसार इस साल जनवरी से काम शुरू होकर मई तक शहर में सीसीटीवी कैमरे लग जाने थे लेकिन निर्धारित मानक के अनुसार मॉनिटरिंग रूम व सर्वर रूम बनने में देरी होने के कारण प्रोजेक्ट छह महीने लेट हो गया। अब जनवरी-2018 तक काम पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है। एसपी अमित सिंह ने बताया शहर के प्रवेश मार्ग, चौराहों, सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील व अधिक विवाद होने और चोरियां अधिक होने वाले 35 स्थान चिह्नित किए हैं। यहां 35 पीटी-जेड (पाॅन टिट जूम), 111 फिक्स कैमरे व 80 एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्नाइजेशन) कैमरे लगाए जाएंगे। इस काम पर करीब 11 करोड़ रुपए खर्च होंगे। निर्माण का ठेका पुणे की हनीवेल ऑटोमेशन इंडिया लिमिटेड को मिला है।

पुलिस को ये लाभ होंगे
शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए मॉनिटरिंग की जा सकेगी। अपराध होने पर फुटेज आसानी से उपलब्ध हो जाएंगे।

 त्यौहारों के दौरान गड़बड़ी फैलाने वाले तत्वों की पहचान हो सकेगी। चोरी, नकबजनी और लूट जैसी वारदात के अपराधियों को पकड़ा जा सकेगा।

ये विशेषताएं हैं पीटीजेड कैमरे की
रिमोट से कंट्रोल किया जा सकता है।  वाइड विजन, नाइट विजन और ऑटो फोकस कैमरा है।  टेम्पर्ड प्रूफ, वाटर प्रूफ व अलार्म युक्त है।