फिलिस्तीन के गुट हमास ने गुरुवार को कहा कि वह और प्रतिद्वंदी गुट फतह एक समझौते पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि इस हफ्ते काहिरा में मिस्र की मध्यस्थता में हुई बातचीत के दौरान सुलह सहमति के प्रयासों पर एक समझौते पर पहुंचे हैं.

हमास नेता स्माइल हानिया के कार्यालय की ओर से कहा गया, ‘मिस्र की मध्यस्थता में हमास और फतह एक समझौते पर पहुंचे.’ फतह के प्रवक्ता और काहिरा में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल में सदस्य फयाज अबु इता ने बताया कि संवाददाता सम्मेलन में इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी.

दोनों पक्षों में चल रही बैठकें

मिस्र की राजधानी में दोनों पक्षों के बीच मंगलवार से बैठकें हो रही हैं जिनका उद्देश्य दोनों धड़ों के बीच दशकभर से चले आ रहे मतभेद को समाप्त करना है.

बता दें कि हमास ने वर्ष 2007 में गाजा को फतह के हाथों से छीन लिया था. तभी से दोनों धड़े आमने-सामने हैं. इससे पहले की कई सुलह सहमति वार्ताएं विफल हो चुकी हैं.