आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज में गुरुवार को दो छात्र गुटों के बीच मारपीट के बाद शुक्रवार को दहशत का माहौल रहा। आदिवासी छात्र संगठन ने सुबह कॉलेज में कक्षाएं बंद करवाकर प्रदर्शन किया तो शाम को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रभारी मंत्री दीपक जोशी का घेराव किया।
छात्रसंघ चुनाव से पहले कॉलेज में छात्र राजनीति गरमाती जा रही है। गुरुवार को आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज में दोपहर करीब 2 बजे छात्रों के बीच मारपीट हो गई थी। इस दौरान एक छात्र को चाकू लगने से और चार को लकड़ी से चोट आई। घटना के बाद आदिवासी छात्र संगठन के छात्रों ने आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग को लेकर कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। संगठन से जुड़े विद्यार्थी शुक्रवार सुबह कॉलेज पहुंचे और करीब 11.30 बजे कक्षाओं से विद्यार्थियों को बाहर निकालकर छुट्टी करवा दी। नारेबाजी की। इसके बाद सभी छात्र कॉलेज परिसर स्थित बास्केट बॉल ग्राउंड में एकत्र हो गए। यहां नारेबाजी करते हुए कॉलेज प्राचार्य संजय वाते को ज्ञापन दिया। छात्र राहुल डामोर ने बताया गुरुवार को हुई घटना की पूरे आदिवासी समाज ने निंदा की है। घटना से छात्र-छात्राओं में आक्रोश है। इस कारण सभी कक्षाओं को बंद करवाकर सेशनल स्थगित करवा दिए हैं। छात्रों पर हमला करने वालों को तत्काल कॉलेज से बाहर किया जाए। साथ ही पूरे परिसर में कैमरे लगाने के अलावा बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाएं। दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन करेंगे। रूपचंद रावत, राजाराम मईड़ा, ज्ञानवीर डामोर, शांतिलाल मईड़ा मौजूद थे।
अभाविप ने प्रभारी मंत्री से की निष्पक्ष जांच की मांग
कालिकामाता मंदिर में आयोजित महाराष्ट्र समाज के लोकोत्सव में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री दीपक जोशी का शुक्रवार रात अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने घेराव किया। विद्यार्थियों ने गुरुवार को हुई घटना की निष्पक्षता से जांच करवाने की मांग की। जिला सहसंयोजक शुभम चौहान ने बताया अभाविप के कार्यकर्ताओं पर प्रशासन ने अन्य छात्र संगठन के दबाव में आकर जो मुकदमा दर्ज किया है, वह निराधार है। छात्र संघ चुनाव के कारण विरोधी संगठन ने अभाविप के कार्यकर्ताओं के नाम विवाद की प्राथमिकी में लिखवाए हैं। कार्यकर्ताओं ने वास्तविक घटना को अंजाम देने वालों पर कार्रवाई करने के साथ ही न्याय दिलवाने की मांग की।
एनएसयूआई ने शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका
प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर एनएसयूआई ने ग्रामीण अध्यक्ष देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया का पुतला फूंका। पंवार ने बताया शिक्षा मंत्री ने चुनाव करवाने की बात कही लेकिन अधिसूचना नहीं जारी की। अन्य राज्यों में हुए छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई की जीत से भयभीत होकर मध्यप्रदेश शासन ने अप्रत्यक्ष प्रणाली से करवाने के लिए कहा है। जिला सचिव जितेंद्र ठन्ना, नीलेश शर्मा, मानवेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।